जुगसलाई नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती नौशीन खान को सोमवार को आधिकारिक रूप से पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के उपरांत उपायुक्त ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी कार्यप्रणाली अनिवार्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई अध्यक्ष जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जनोन्मुखी तरीके से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारेंगी।
वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं में सुधार का भरोसा दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। शपथ ग्रहण के साथ ही जुगसलाई नगर परिषद में अब विकास के नए अध्याय की शुरुआत की उम्मीद जगी है।

0 Comments