https://omg10.com/4/11146156 Kolhan Harina Mela 2026: मुक्तेश्वर धाम हरिणा में पांच दिवसीय मेले का आज से शुभारंभ
ब्रेकिंग न्यूज़:
फीड लोड हो रही है...

Kolhan Harina Mela 2026: मुक्तेश्वर धाम हरिणा में पांच दिवसीय मेले का आज से शुभारंभ


Jamshedpur News: पोटका प्रखंड स्थित मुक्तेश्वर धाम हरिणा में रोजो संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाला कोल्हान क्षेत्र का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक हरिणा मेला आज सोमवार से शुरू हो रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस भव्य मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक यह मेला हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है। मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से मेला को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। सोमवार सुबह पारंपरिक पातभोक्ता अनुष्ठान के साथ मेला का विधिवत उद्घाटन होगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक गतिविधियां शुरू होंगी।

विधायक संजीव सरदार ने निभाई वर्षों पुरानी परंपरा

हरिणा मेला शुरू होने से पहले पोटका विधायक संजीव सरदार ने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को जारी रखते हुए हरिणा मंदिर के पुजारियों और पातभोक्ताओं के बीच अंगवस्त्र का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक परंपरा नहीं बल्कि धार्मिक आस्था और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि कई दशकों से वे मेला शुरू होने के एक दिन पहले पुजारियों और पातभोक्ताओं को वस्त्र वितरण करते आ रहे हैं और भविष्य में भी इस परंपरा को जारी रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक वातावरण और उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। 

श्रद्धालुओं के लिए चना-गुड़ व शरबत वितरण की व्यवस्था

मेला के शुभारंभ के अवसर पर विधायक संजीव सरदार की ओर से श्रद्धालुओं और पातभोक्ताओं के बीच चना-गुड़ और शरबत वितरण की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है।विधायक ने लोगों से अपील की कि वे मेला में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की गरिमा बनाए रखें। उनका कहना था कि हरिणा मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण मंच है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क

मेला में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारी की गई है। रविवार को विधायक संजीव सरदार ने हरिणा पहुंचकर मुक्तेश्वर धाम आश्रम कमिटी के साथ विस्तृत बैठक की और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। बैठक में श्रद्धालुओं की आवाजाही, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्रशासनिक आई अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।

तीन राज्यों से पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुक्तेश्वर धाम आज केवल एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि एक प्रमुख पर्यटन और आस्था केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है। हरिणा मेला में प्रतिवर्ष झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित कई क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए प्रशासन और मेला कमिटी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और मेला भ्रमण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

मेला कमिटी और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी

मेला की तैयारियों और निरीक्षण के दौरान मुख्य पुजारी सह ग्रामप्रधान बज्रांकन दंडपात, आश्रम कमिटी अध्यक्ष दीपंकर सीट, पुजारी विकास पंडा, राखु प्रहराज, अम्बुज दंडपात, राकेश दंडपात सहित मेला कमिटी के कई सदस्य और ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय स्तर पर सामूहिक प्रयासों से इस ऐतिहासिक मेले को सफल बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों और आयोजन समिति का मानना है कि हरिणा मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बढ़ावा देता है।

Comments