जमशेदपुर/गोविंदपुर: गोविंदपुर जलापूर्ति योजना में आई तकनीकी खराबी के कारण पिछले दो दिनों से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। बताया जा रहा है कि बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने से पंपिंग कार्य बंद हो गया है, जिसके चलते आने वाले 8 दिनों तक जल संकट बने रहने की आशंका है। इस स्थिति को लेकर जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि जलापूर्ति योजना के निर्माण के समय से ही इसमें कई तकनीकी खामियां रही हैं, जिसका खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। पाइपलाइन बिछाने और पंपिंग स्टेशन के रखरखाव में लापरवाही के कारण आज यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की सुस्ती के कारण मरम्मत कार्य में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय पर्व-त्योहारों का है, जब पानी की आवश्यकता अधिक होती है। ऐसे समय में कई दिनों तक जलापूर्ति बाधित रहना विभाग की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब व्यवस्था सुधारने और प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि यदि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग इस योजना को सुचारू रूप से संचालित करने में असमर्थ है, तो जनहित में इसकी जिम्मेदारी जुस्को (JUSCO) को सौंप दी जानी चाहिए, ताकि लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे इस मामले को उच्च अधिकारियों तक ले जाएंगे और जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।