Ad Code

Responsive Advertisement

मुसाबनी में 31.62 करोड़ से बनेगा डिग्री कॉलेज, क्षेत्र में उच्च शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी क्षेत्र में 31.62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डिग्री कॉलेज का रविवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। मुसाबनी नंबर तीन स्थित ओपन फील्ड मैदान में आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। समारोह की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन और पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जिसके बाद नारियल फोड़कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ।
रामदास सोरेन का सपना हुआ साकार
मंत्री दीपक बिरुवा ने अपने संबोधन में कहा कि यह डिग्री कॉलेज पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन के सपनों का साकार रूप है। उन्होंने अपने कार्यकाल में इस योजना को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया था। मंत्री ने कहा कि कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को इंटर के बाद पढ़ाई के लिए 20 किलोमीटर दूर घाटशिला नहीं जाना पड़ेगा। इससे न केवल छात्रों का समय और खर्च बचेगा, बल्कि उन्हें अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
घाटशिला को एजुकेशन हब बनाने की योजना
घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने कहा कि मुसाबनी में डिग्री कॉलेज का निर्माण पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र को एजुकेशन हब बनाने की दिशा में यह एक अहम कदम है। भविष्य में यहां इंजीनियरिंग कॉलेज और पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना की योजना है, जहां नौ जनजातीय भाषाओं में शिक्षा दी जाएगी। यह पहल क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान करेगी।
खेल, स्वास्थ्य और पर्यटन विकास पर जोर
सोमेश सोरेन ने आगे कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए खेल, स्वास्थ्य और पर्यटन को भी प्राथमिकता दी जा रही है। घाटशिला को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने के लिए बड़े स्टेडियम के निर्माण की योजना है। साथ ही बंद पड़े अस्पतालों को पुनः चालू करने और भविष्य में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं। गालूडीह, मुसाबनी फॉरेस्ट क्षेत्र, बोंडोपोल और बंद पड़ी खदानों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement