असम विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड की सत्तारूढ़ पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी करते हुए भारत निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची सौंप दी है। साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान आवश्यक अनुमति और प्रचार वाहनों के लिए पास जारी करने का अनुरोध भी किया गया है।
पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि असम में पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व स्वयं झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी असम में अपने संगठन को मजबूत करने और आदिवासी तथा स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में उतरने की तैयारी कर रही है।
झामुमो द्वारा जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख चेहरों को शामिल किया गया है। इस सूची में राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद, महासचिव विनोद कुमार पांडेय, मंत्री जोबा मांझी, अभिषेक प्रसाद, पंकज मिश्रा, मंत्री दीपक बिरुआ, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, सांसद विजय हांसदा, कल्पना मुर्मू सोरेन, राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी, मंत्री हफीजुल हसन, सुखराम उरांव, भूषण तिर्की, जिगा सुसारण होरो, विकास मुंडा, एमटी राजा, आलोक सोरेन और लुईस मरांडी जैसे नेताओं को जगह दी गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, झामुमो का प्रयास है कि असम में रहने वाले आदिवासी समुदायों के मुद्दों को चुनावी बहस के केंद्र में लाया जाए। झारखंड की राजनीति में मजबूत आधार रखने वाली यह पार्टी अब पूर्वोत्तर में भी अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि असम विधानसभा चुनाव में झामुमो की सक्रियता से चुनावी समीकरणों पर कुछ हद तक प्रभाव पड़ सकता है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां आदिवासी मतदाताओं की संख्या उल्लेखनीय है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि झारखंड मॉडल और आदिवासी हितों से जुड़े मुद्दों को सामने रखकर वह असम में भी अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर सकती है।
झामुमो की ओर से स्टार प्रचारकों की सूची जारी होने के साथ ही अब पार्टी का चुनाव प्रचार अभियान तेज होने की संभावना है। आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित अन्य वरिष्ठ नेता असम के विभिन्न क्षेत्रों में सभाएं और जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।
0 Comments