Jamshedpur: परसूडीह-गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत आने वाले कई इलाकों में ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। इस अचानक उत्पन्न जल संकट से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वर्तमान समय में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों का सीजन होने के कारण पानी की आवश्यकता और भी अधिक बढ़ गई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
इसी समस्या को देखते हुए पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राज कुमार सिंह ने मानवीय पहल करते हुए अपने निजी टैंकर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क पानी पहुंचाने का कार्य शुरू किया है। उनके इस प्रयास से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। शनिवार को शंकरपुर इलाके में एक अन्नप्राशन समारोह में पानी की आपूर्ति की गई, जिससे आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सका।
इसके अलावा शंकरपुर स्थित कबीर मंदिर के पास पानी की गंभीर किल्लत को देखते हुए वहां भी टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पानी की समस्या काफी बढ़ गई थी, ऐसे में यह पहल उनके लिए राहत भरी साबित हो रही है।
राज कुमार सिंह ने बताया कि जिन लोगों के यहां शादी-विवाह या अन्य आवश्यक कार्यक्रम हैं और पानी की जरूरत है, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उनकी ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि किसी भी कार्यक्रम में पानी की कमी न हो।
गौरतलब है कि राज कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से निःशुल्क जलसेवा का कार्य लगातार करते आ रहे हैं। उनका यह सेवा कार्य सालों भर जारी रहता है और जरूरत पड़ने पर वे हमेशा आगे बढ़कर लोगों की मदद करते हैं। इस बार भी जल संकट के समय उनकी यह पहल सामाजिक सेवा का एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आई है।