Ad Code

Responsive Advertisement

ओलचिकी परीक्षा में नरवा पहाड़ की सुमिता मुर्मू बनी झारखंड टॉपर, सम्मानित

Santhali education : जादूगोड़ा क्षेत्र में आसेका द्वारा आयोजित ओलचिकी परीक्षा में नरवा पहाड़ की छात्रा सुमिता मुर्मू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झारखंड राज्य में टॉप स्थान हासिल किया। सुमिता ने ओलचिकी मेट्रिक परीक्षा में 95.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे नरवा पहाड़ क्षेत्र को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें ओलचिकी शिक्षक सह राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित दुर्गा प्रसाद मुर्मू द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में नरवा पहाड़ स्थित यूसिल कॉलोनी में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर माझी बाबा वीरेन टुडू ने कहा कि ओलचिकी भाषा और लिपि को बढ़ावा देने के लिए हर पंचायत में ओलचिकी विद्यालय खोले जाने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ी रहें।
कार्यक्रम के दौरान दिशोम जाहेरगढ़, यूसिल कॉलोनी नरवा पहाड़ में ‘ऑल ईतुन आसड़ा’ के विद्यार्थियों के लिए भी विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुल 28 विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इनमें लोअर श्रेणी के 2, हायर के 6 और मेट्रिक के 20 छात्र शामिल थे। अन्य परीक्षार्थियों ने भी प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर संस्था का नाम रोशन किया।
इस सफलता में आसड़ा के हेडमास्टर दुर्गा प्रसाद मुर्मू और शिक्षिका गुरुबारी सरदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आसनबनी तोरोप पारगना हरिपोदो मुर्मू उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ओलचिकी केवल एक लिपि नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान की जड़ है।
कार्यक्रम का नेतृत्व नरवा माझी बाबा बिरेन टुडू ने किया, जबकि संचालन मुचीराम सोरेन द्वारा किया गया। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ओलचिकी के संरक्षण व संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Post a Comment

0 Comments

Ad Code

Responsive Advertisement