Jamshedpur: साकची स्थित जुबली पार्क गेट नंबर-1 के पास से 15 मार्च 2026 की शाम एक बेहद चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया। यहाँ एक कार चालक ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को उसके घर बागबेड़ा छोड़ने का झांसा देकर अपनी स्विफ्ट कार में लिफ्ट दी। रास्ते में आरोपी ने लड़की से उसका संपर्क नंबर मांगा, जिस पर पीड़िता ने अपनी माँ का नंबर उसे दे दिया। अगले दिन आरोपी ने फिर से जाल बुना और लड़की व उसकी माँ को पैसों का लालच देकर तथा चांडिल डैम घुमाने के बहाने टाटानगर स्टेशन रोड बुलाया। वहाँ से आरोपी चालाकी से लड़की को अपनी स्कूटी पर बैठाकर साकची ले गया, जहाँ उसने सिन्दूर खरीदकर नाबालिग की मांग भर दी और उसे अपनी बातों में फंसा लिया।
डिमना रोड स्थित परिसर में दुष्कर्म की घटना
शातिर आरोपी इसके बाद नाबालिग को डिमना लेक घुमाने ले गया। शाम को लौटते वक्त उसने अपनी असली मंशा जाहिर की और डिमना रोड स्थित साई कॉम्प्लेक्स के सुनसान बेसमेंट में ले जाकर लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता को डरा-धमका कर टाटानगर स्टेशन के पास छोड़ दिया और फरार हो गया। घर पहुँचने पर डरी-सहमी पीड़िता ने अपनी माँ को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए 20 मार्च 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के कड़े निर्देशों पर नगर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक (कानून व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित जांच के आधार पर उसी दिन आरोपी एलेक्स गुप्ता उर्फ रुपेश कुमार (25 वर्ष) को एग्रीको स्थित उसके वर्तमान निवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से आगे की जांच कर रही है।

0 Comments