मानगो में डेंगू-मलेरिया के खतरे पर झामुमो अलर्ट, फॉगिंग, सफाई व जलमीनार चालू करने की मांग को लेकर महापौर से की मुलाकात

 Jamshedpur News : मानसून की बारिश के साथ ही जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में जनसमस्याएं और मौसमी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए झामुमो मानगो नगर समिति का एक प्रतिनिधिमंडल एक्शन मोड में नजर आ रहा है। झामुमो मानगो नगर अध्यक्ष फतेहचंद टुडू के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता से औपचारिक मुलाकात की और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर एक विस्तृत चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की पुरजोर मांग की।




जलजमाव व मौसमी बीमारियों पर रोकथाम की मांग

बैठक के दौरान झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने महापौर का ध्यान मूसलाधार बारिश के कारण मानगो के विभिन्न निचले और घनी आबादी वाले इलाकों में हो रहे गंभीर जलजमाव की ओर आकृष्ट कराया। नेताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि जगह-जगह रुके हुए गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया, चिकुनगुनिया और अन्य जलजनित बीमारियों के तेजी से फैलने का अंदेशा बन गया है।उजनस्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से मांग की कि पूरे मानगो नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी देरी के सघन एंटी-लार्वा स्प्रे का छिड़काव कराया जाए। इसके साथ ही, शाम के समय मच्छरों के आतंक से राहत दिलाने के लिए नियमित और व्यवस्थित तरीके से फॉगिंग अभियान चलाने पर जोर दिया गया, ताकि बीमारियों को पनपने से पहले ही रोका जा सके।

नालियों की साफ-सफाई व जल निकासी जल्द हो दुरस्त

मानगो क्षेत्र में जलजमाव की सबसे बड़ी वजह नालियों का जाम होना और कचरे का जमाव है। झामुमो नेताओं ने महापौर सुधा गुप्ता के समक्ष यह बात स्पष्ट रूप से रखी कि जब तक प्रमुख नालों और छोटी नालियों की जलकुंभी और कचरे से मुकम्मल सफाई नहीं होगी, तब तक जलजमाव की समस्या से निजात मिलना मुश्किल है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम की सफाई टीमों को युद्धस्तर पर लगाकर सभी मुख्य और आतंरिक नालियों की त्वरित एवं व्यापक सफाई कराई जाए ताकि बारिश के पानी की निकासी सुगम हो सके और आम नागरिकों को जलभराव की परेशानी न झेलनी पड़े।

जलमीनारों को चालू कर पेयजल आपूर्ति की मांग

सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के अलावा प्रतिनिधिमंडल ने पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। बैठक में विशेष रूप से बालीगुमा एवं पृथ्वी पार्क स्थित बंद पड़े जलमीनारों का मामला उठाया गया। झामुमो नेताओं ने बताया कि इन जलमीनारों के ठप पड़े होने के कारण एक बड़े इलाके की आबादी को पीने के साफ पानी के लिए रोजाना भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। मानसून के मौसम में दूषित पानी पीने से डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि इन दोनों जलमीनारों की तकनीकी खराबी को तुरंत दुरुस्त करवाकर इन्हें जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि मानगो के नागरिकों को निर्बाध और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति मिल सके। इसके साथ ही क्षेत्र की अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं, जैसे स्ट्रीट लाइट और कचरा उठाव की व्यवस्था को भी दुरुस्त करने पर चर्चा की गई।

महापौर ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

झामुमो प्रतिनिधिमंडल की बातों और जनसमस्याओं की गंभीरता को मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता ने अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने स्वीकार किया कि मानसून के दौरान जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए। महापौर सुधा गुप्ता ने झामुमो नेताओं को आश्वस्त किया कि उठाई गई सभी जायज मांगों पर नगर निगम प्रशासन तुरंत संज्ञान लेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि मानगो के विभिन्न वार्डों में फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और नालियों की सफाई का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा तथा बंद पड़े जलमीनारों को भी चालू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

कई झामुमो नेता वार्ता के लिए पहुंचे थे

मानगो के विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में झामुमो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, प्रभात सिंह, शेख अजहरुद्दीन, स्थानीय वार्ड पार्षद परवीन बानो, वार्ड पार्षद इरफाना खातून, तनवीर अहमद, मोहम्मद मुस्ताक, मोहम्मद सलाम, मोहम्मद आसिफ आलम एवं मोहम्मद शाहिद सहित कई अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि समय रहते प्रशासनिक कदम नहीं उठाए गए तो वे जनता के हक के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

Comments