अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस कमिटी की पहली “राष्ट्रीय सलाहकार परिषद” की ऐतिहासिक बैठक 18 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। यह बैठक कोटला मार्ग स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में होगी और इसकी अध्यक्षता ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष Dr. Vikrant Bhuria करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए राष्ट्रीय स्तर पर गठित आदिवासी कांग्रेस की राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के कुल 167 सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। परिषद में अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस जनप्रतिनिधि, विशेष आमंत्रित सदस्य तथा विभिन्न राज्यों के आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे।
बैठक में Mallikarjun Kharge, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव K. C. Venugopal के भी मुख्य रूप से शामिल होने की संभावना है। इस कारण परिषद के सभी मनोनीत सदस्यों को बैठक में सक्रिय भागीदारी के लिए विशेष निमंत्रण दिया गया है।
बैठक के दौरान देश के विभिन्न राज्यों में आदिवासी समाज से जुड़ी समस्याओं और मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से जल, जंगल और जमीन के अधिकार, संवैधानिक संरक्षण, आदिवासी समुदाय के अधिकारों के हनन तथा सामाजिक-आर्थिक विकास से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही आदिवासी समाज को सशक्त बनाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति भी तय की जाएगी।
राष्ट्रीय सलाहकार परिषद में ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय कार्यालय सदस्य के रूप में पूर्व विधायक एवं असम प्रदेश प्रभारी (नेशनल कोऑर्डिनेटर) प्रह्लाद पूर्ति को भी स्थान दिया गया है। इसके अलावा ओडिशा से हेराबती गौंड, प्रताप कुमार प्रधान, सांसद सप्तागिरी उलाका, ओडिशा विधानसभा कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कडाम, पूर्व मंत्री नागार्जुन प्रधान, पूर्व मंत्री परमा पुजारी तथा राज्य आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद यशोवंत नारायण सिंह लागुरी को भी परिषद में शामिल किया गया है।
ओडिशा प्रदेश के आदिवासी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने परिषद के गठन का स्वागत करते हुए कांग्रेस नेतृत्व को धन्यवाद दिया है। नेताओं का कहना है कि इस पहल से देशभर के आदिवासी समाज में कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास और मजबूत होगा तथा संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय कार्यालय सदस्य, पूर्व विधायक तथा असम प्रदेश प्रभारी प्रह्लाद पूर्ति ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में एक बैठक कर 18 मार्च को होने वाली राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बैठक आदिवासी समाज से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण दिशा तय करेगी।
0 Comments