टांगरजोड़ा पैसेंजर हॉल्ट स्टेशन चालू करने और अंडरपास में लाइटिंग की उठी मांग


ODISHA NEWSओडिशा विधानसभा के सदस्य प्रतिनिधि एवं आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक प्रह्लाद पुरती ने दक्षिण-पूर्व रेलवे, गार्डनरीच कोलकाता के महाप्रबंधक को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपते हुए बहरागोड़ा रोड से आवलाजोड़ी रेलवे जंक्शन तक रेल यात्रियों और आम जनता की समस्याओं के समाधान की मांग की है। यह ज्ञापन आवलाजोड़ी रेलवे स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से भेजा गया है। ज्ञापन में रेल सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेनों के समयबद्ध संचालन से जुड़ी कई प्रमुख मांगें रखी गई हैं।

टांगरजोड़ा पैसेंजर हॉल्ट स्टेशन को तत्काल चालू करने की मांग

ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग बहरागोड़ा रोड और आवलाजोड़ी रेलवे जंक्शन के बीच प्रस्तावित टांगरजोड़ा पैसेंजर हॉल्ट स्टेशन को अविलंब चालू करने की है। बताया गया है कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण और दैनिक यात्री रेल सेवा पर निर्भर हैं। वर्तमान में यात्रियों को दूर-दराज के स्टेशनों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रह्लाद पुरती ने कहा कि यदि टांगरजोड़ा हॉल्ट स्टेशन शुरू हो जाता है, तो आसपास के गांवों के लोगों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी और समय तथा आर्थिक खर्च दोनों में राहत मिलेगी। उन्होंने स्टेशन पर सामान्य पैसेंजर ट्रेनों के कम से कम दो मिनट ठहराव की भी मांग की है, ताकि स्थानीय लोग आसानी से यात्रा कर सकें।


रेलवे अंडरपास में लाइटिंग नहीं होने से बढ़ रही आपराधिक घटनाएं

ज्ञापन में बहरागोड़ा रोड स्टेशन से आवलाजोड़ी रेलवे जंक्शन रोड के बीच स्थित तीन रेलवे अंडरपास पुलिया की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई है। विशेष रूप से झारिटांडी, टांगरजोड़ा और जियाडांगा रेल क्रॉसिंग के अंडरपास में रात के समय अंधेरा रहने से राहगीरों को भारी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार अंधेरे के कारण लूटपाट और चोरी जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए अंडरपास में बिजली लाइट अथवा सोलर लाइट लगाने की मांग की गई है। प्रह्लाद पुरती ने कहा कि रेलवे प्रशासन यदि समय रहते इस दिशा में कदम उठाता है, तो आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

बादामपहाड़-राउरकेला मेमू ट्रेन को नियमित और समयबद्ध चलाने की मांग

ज्ञापन में हाल ही में शुरू की गई बादामपहाड़ से राउरकेला तक चलने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेन को नियमित एवं निर्धारित समयानुसार चलाने की मांग भी शामिल है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन के समय में अनियमितता होने से नौकरीपेशा, छात्र और व्यवसायियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रह्लाद पुरती ने कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा के समान है। इसलिए रेलवे प्रशासन को इसकी समयबद्धता सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि यात्रियों का भरोसा रेल सेवा पर बना रहे। उन्होंने राउरकेला तक सीधी और सुचारू सेवा जारी रखने की भी मांग की।


टाटानगर पहुंचने वाली रात्रि मेमू ट्रेन को समय पर चलाने की अपील

ज्ञापन में बादामपहाड़ से टाटानगर आने वाली रात्रि मेमू ट्रेन के समय पर संचालन की भी मांग की गई है। बताया गया है कि देर रात ट्रेन के विलंब से पहुंचने पर यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षा और आवागमन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से आग्रह किया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इन जनहित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में जनआंदोलन करने पर विचार किया जाएगा।