ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव में पिछले दिनों जंगली हाथियों ने जिस तरह से तबाही मचाई, उसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में एक मां और उनकी मासूम बेटी की जान चली गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार को स्थानीय विधायक सविता महतो इस परिवार का दुख बांटने और उन्हें सांत्वना देने के लिए गांव पहुंचीं।




मृतका चाइना देवी के परिजनों से मुलाकात की
विधायक सविता महतो ने गांव पहुंचकर मृतका चाइना देवी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान विधायक ने घायल मोहनलाल महतो के माता-पिता से में मिलकर उनका हाल-चाल जाना और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। विधायक ने आश्वस्त किया कि दुख की इस में वे और पूरी सरकार परिवार के साथ है और उन्हें हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।


अनाथ हुए बालक अमित महतो की शिक्षा की जिम्मेदारी लिया
इस घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि 9 वर्षीय बालक अमित महतो के सिर से मां और बहन का साया उठ गया है। विधायक सविता महतो ने बच्चे के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक निर्णय लिया। उन्होंने घोषणा की कि अमित महतो का दाखिला एक प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालय में कराया जाएगा, ताकि उसकी शिक्षा और परवरिश में कोई बाधा न आए। इसके लिए उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दे दिए हैं।

परिवार के आशियाने को भी तहस-नहस कर दिया
जंगली हाथियों के झुंड ने न केवल जान ली, बल्कि परिवार के आशियाने को भी तहस-नहस कर दिया। विधायक ने मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों और डीएफओ से फोन पर बात की। उन्होंने लहजे में निर्देश दिया कि हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए घरों की मरम्मत तुरंत कराई जाए। साथ ही, उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि सरकारी प्रावधानों के तहत परिवार को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।


निजी स्तर से भी परिवार की आर्थिक मदद की
विधायक ने केवल आश्वासन ही नहीं दिया, बल्कि तत्काल राहत के रूप में निजी स्तर से भी परिवार की मदद की। उन्होंने मृतका के परिवार को कर्म के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा, मौके पर ही सूखा राशन जैसे चावल, चूड़ा, और बिस्कुट उपलब्ध कराए गए। घायलों के इलाज के लिए विधायक ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि बुजुर्गों और घायलों की देखभाल के लिए समय-समय पर एंबुलेंस की सुविधा सुनिश्चित की जाए।

हाथियों के उत्पात पर ठोस रणनीति की मांग
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे हाथियों के हमलों पर विधायक सविता महतो ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि केवल मुआवजा देना समाधान नहीं हाथियों के उत्पात को रोकने के लिए ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए विशेष निगरानी दल तैनात करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।


योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने को कहा
विधायक के इस दौरे के दौरान स्थानीय प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बीडीओ एकता वर्मा को बच्चे के पालन-पोषण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने को कहा गया। मौके पर उप प्रमुख दीपक साहू, थाना प्रभारी बजरंग महतो, वनपाल मुकेश महतो और झामुमो के स्थानीय नेताओं सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में परिवार को न्याय और सुरक्षा दिलाने की बात कही।