जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ
इस सेवा का उद्घाटन जमशेदपुर प्रखंड के उप प्रमुख शिव कुमार हांसदा, स्थानीय मुखिया अनिमा मिंज तथा पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा अपने-अपने जार, बाल्टी, तसली और अन्य बर्तनों में पानी भरते नजर आए। गर्मी के इस मौसम में शुद्ध पेयजल मिलने से लोगों के चेहरे पर राहत और संतोष दिखाई दिया।
Also Read : संताली सिनेमा के सितारों ने बिखेरी चमक
हर जरूरतमंद तक पहुंचेगा शुद्ध पेयजल
पूर्व जिप उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से गर्मी के मौसम में लोगों के बीच निःशुल्क पेयजल उपलब्ध कराते आ रहे हैं और इस वर्ष भी यह सेवा लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के उन स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां लोगों को पानी की अधिक परेशानी हो रही है। वहां नियमित रूप से निजी टैंकर के माध्यम से जुस्को का शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी सबसे बड़ी जरूरत बन जाती है और ऐसे समय में लोगों की सेवा करना उनका सामाजिक दायित्व है।
सामाजिक आयोजनों में भी मिलेगी सुविधा
राजकुमार सिंह ने यह भी घोषणा की कि शादी-विवाह, श्राद्ध कर्म, भोज तथा अन्य सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में भी जरूरतमंद परिवारों को उनके निजी टैंकर से निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई गरीब परिवार बड़े आयोजनों में पानी की व्यवस्था को लेकर परेशान रहते हैं, इसलिए उनकी कोशिश रहेगी कि ऐसे लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इस घोषणा के बाद स्थानीय लोगों ने उनकी पहल की जमकर सराहना की।
ग्रामीणों ने जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने राजकुमार सिंह की इस पहल को जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। लोगों ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी उन्होंने निःस्वार्थ भाव से पेयजल सेवा शुरू कर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल से गर्मी के दिनों में आम लोगों को काफी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में ऐसे जनप्रतिनिधियों की जरूरत है, जो केवल राजनीति ही नहीं बल्कि सेवा कार्यों में भी आगे रहें।
Social Plugin