Jamshedpur News : चांडिल प्रखंड क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़करण योजना के तहत स्वीकृत चार सड़कों का गुरुवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। स्थानीय विधायक सविता महतो ने शिलापट्ट का अनावरण कर इन परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने और विकास की गति को तेज करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

6.32 करोड़ की लागत से होगा सड़कों का निर्माण
इन चारों सड़कों के निर्माण पर कुल 6.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर बनाना है। लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे लोगों के लिए यह परियोजना राहत लेकर आएगी। बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाएंगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई दिशा देंगी।


सड़कों का जाल बिछने से लोगों को होगी सुविधा 
परियोजना के तहत एनएच-32 से रावताड़ा तक 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 1.4 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं चांडिल डैम रोड स्थित मुखिया होटल से दियाडीह होते हुए बोराबिंधा तक 5.5 किलोमीटर सड़क 2.8 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी। इसके अलावा चौका-कांड्रा रोड के पालगम से रायडीह तक 2.6 किलोमीटर सड़क 1.91 करोड़ रुपये में बनाई जाएगी। काशीडीह मोड़ से मिरुडीह होते हुए सिंगाती तक 2 किलोमीटर सड़क 1.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी।

सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा 
शिलान्यास के दौरान विधायक सविता महतो ने संवेदक (ठेकेदार) को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी सड़कों का निर्माण तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने से ही इन परियोजनाओं का लाभ लंबे समय तक लोगों को मिल सकेगा।


कार्यक्रम में स्थानीय और पार्टी के कार्यकर्ता भी थे मौजूद 
इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायक, काबलु महतो, सुधीर किस्कू, जिला परिषद सदस्य सविता मार्डी, मुखिया ममता हेंब्रम, पंसस रिंकी गांगुली सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा बैद्यनाथ टुडू, स्नेहा महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, कृष्णा किशोर महतो, समर भुइयां, करम चांद हेंब्रम, सुरेश मांझी, सिमल बेसरा, लंबोदर महतो, पशुपति महतो, ज्ञान रंजन हेंब्रम और राज शेखर गांगुली समेत अन्य लोग की उपस्थित थे 

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति, शहर जाने में आसानी होगी 
इन सड़कों के निर्माण से चांडिल प्रखंड के कई गांव सीधे मुख्य मार्गों से जुड़ जाएंगे। इससे न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।