बहरागोड़ा के फूलकुसमा स्कूल में मातृभाषा संताली में पढ़ाई की मांग, बीईईओ को सौंपा ज्ञापन

JAMSHEDPUR NEWS: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत ग्राम सभा फूलकुसमा, आदिवासी पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के पदाधिकारियों तथा मांझी बाबाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है. सौपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि प्राथमिक विद्यालय फूलकुसमा में पढ़ने वाले आदिवासी बच्चों के भविष्य को संवारना और उन्हें उनकी मातृभाषा में शिक्षा का अधिकार दिलाना है. इस स्कूल में पढ़ने वाले अधिकांश बच्चे संताली भाषा-भाषी हैं, जो अपनी पारंपरिक जड़ें और संस्कृति से गहराई से जुड़े हुए हैं.प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिला समिति 'फूलो झानो हूल गांवता' और विभिन्न गांवों के मांझी बाबाओं ने इस बात पर विशेष बल दिया कि मातृभाषा में शिक्षा ग्रहण करने से बच्चों का मानसिक, बौद्धिक और शैक्षणिक विकास बहुत तेजी से होता है। 

जब बच्चे अपनी भाषा में सीखते हैं, तो विषयों की समझ और उनकी वैचारिक स्पष्टता बेहतर होती है. प्रतिनिधिमंडल में जुगीशोल माझी बाबा भीम मुर्मू, गोहालमारा माझी बाबा दासमात हांसदा, फूलकुसमा माझी बाबा बैजनाथ मुर्मू, सोनामुनी मुर्मू, पार्वती मार्डी, सिलहू मार्डी, रविचांद मांडी, और जगन्नाथ बेसरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.इस गंभीर मामले की व्यापकता को देखते हुए, बहरागोड़ा के बीईईओ को सौंपे गए इस मांग पत्र की आधिकारिक प्रतियां प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई के लिए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को भी भेजी गई.

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और संवैधानिक प्रावधानों का हवाला
इस मांग पत्र में मुख्य रूप से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया गया है. नीति के तहत कक्षा 5 तक और संभव हो तो कक्षा 8 तक बच्चों को उनकी मातृभाषा में शिक्षा देने का स्पष्ट निर्देश है.इसके अलावा, भारतीय संविधान के अनुच्छेद 350A का हवाला देते हुए बताया गया कि यह भाषाई अल्पसंख्यक बच्चों का मौलिक अधिकार है कि उन्हें प्राथमिक स्तर पर उनकी मातृभाषा में शिक्षा की सुविधा मिले. उल्लेखनीय है कि संताली भाषा पहले से ही भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल है और इसकी अपनी वैज्ञानिक एवं समृद्ध 'ओलचिकी' लिपि है.

प्रतिनिधिमंडल ने बीईईओ के समक्ष रखा ये मांगें 
 - प्राथमिक विद्यालय फूलकुसमा में स्थानीय बच्चों को मातृभाषा आधारित संताली और ओलचिकी लिपि में शिक्षा प्रदान की जाए 
 -कक्षा 1 से 5 तक के छात्र-छात्राओं के लिए ओलचिकी लिपि में प्रकाशित संताली पाठ्यपुस्तकों का अविलंब  वितरण सुनिश्चित हो
 - विद्यालय में संताली भाषा और ओलचिकी लिपि में सुचारू रूप से शिक्षण कार्य करवाने के लिए नियमानुसार योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाए
 - संताली भाषी बच्चों को उनकी मातृभाषा में सीखने के लिए तमाम आवश्यक आधुनिक व बुनियादी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं
 -बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा की नींव को मजबूत करने के लिए प्राथमिक स्तर पर अनिवार्य रूप से ओलचिकी लिपि से पढ़ाई सुनिश्चित की जाए.