सलगाझरी रेलवे स्टेशन पर फिर से ट्रेनों का ठहराव शुरु हो

JAMSHEDPUR NEWS: एक ओर जहां रेलवे द्वारा नई ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की जा रही है, वहीं दूसरी ओर झारखंड के जमशेदपुर स्थित महत्वपूर्ण सलगाझुड़ी रेलवे स्टेशन पर अक्टूबर 2025 से सभी लोकल ट्रेनों का ठहराव बंद कर दिया गया है। बादामपहाड़ से पुरी और टाटानगर से जयपुर के बीच नई ट्रेनों की शुरुआत की खबरों के बीच सलगाझुड़ी स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की घोर अनदेखी रेलवे की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है। क्षेत्र की जनता इसे गंभीर अन्याय मान रही है।

 ट्रेनों का ठहराव बंद होने से लगभग तीन लाख की आबादी प्रभावित 
सलगाझुड़ी रेलवे स्टेशन का ऑनलाइन उद्घाटन 26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। इसके बावजूद, ट्रेनों का ठहराव बंद होने से लगभग तीन लाख की आबादी प्रभावित हो रही है। इस क्षेत्र के दिहाड़ी मजदूरों, सब्जी विक्रेताओं, छोटे व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों और विद्यार्थियों के लिए लोकल ट्रेनें आवागमन का मुख्य साधन हैं। ठहराव बंद होने के कारण यात्रियों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है, जिससे उनकी रोजमर्रा की आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

संयुक्त ग्राम समन्वय समिति ने पीएमओ को स्मरण-पत्र भेजा 
चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों की उदासीनता के कारण जनता भारी कठिनाइयों का सामना कर रही है। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए संयुक्त ग्राम समन्वय समिति के मुख्य संयोजक राम सिंह मुंडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ई-मेल के माध्यम से स्मरण-पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। इससे पहले 28 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री कार्यालय और 25 नवंबर 2025 को डीआरएम (चक्रधरपुर) को भी मांग-पत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।

संयुक्त ग्राम समन्वय समिति की प्रमुख 7 सूत्री मांगें
-सलगाझरी स्टेशन पर सभी लोकल ट्रेनों का ठहराव पूर्ववत तुरंत बहाल किया जाए।
 -स्टेशन से जुड़े लंबित अंडरब्रिज और बारीगोरा रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण हो।
 -यात्रियों की सुविधा के लिए तत्काल टिकट काउंटर शुरू किया जाए।
 -प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए विश्राम शेड और सलगाझुड़ी से गोविंदपुर तक संपर्क पथ बने।
 -सभी लंबित कार्यों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।

ट्रेनों का ठहराव नहीं किया तो आंदोलन होगा: रामसिंह मुंडा 
राम सिंह मुंडा ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि रेलवे विभाग ने इस जनसमस्या पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया और लोकल ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं किया, तो स्थानीय जनता और रेल यात्रियों के साथ मिलकर व्यापक, शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा। क्षेत्र की जनता अपनी जायज सुविधाओं के लिए और अधिक उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगी।