अभावों से प्रेरणा लेकर झारखंड के बच्चों के लिए उम्मीद की राह बना रहा हूं

JAMSHEDPUR NEWS : लाइब्रेरी मैन ऑफ झारखंड और डिजिटल लाइब्रेरी ग्रुप, झारखंड के संस्थापक सदस्य संजय कच्छप बाबा कार्तिक उरांव को अपना प्रेरणा स्रोत मानते हैं. वे उन्हीं के बताये और दिखाये मार्ग पर निरंतर अग्रसर हैं. अपनी नौकरी और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों को बखूबी निभाने के साथ-साथ वे अपने सामाजिक दायित्वों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं. ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में पुस्तकालयों की स्थापना कर वे वंचित बच्चों के सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं. शिक्षा की अलख जगाने और युवाओं को सही दिशा दिखाने का उनका यह प्रयास आज पूरे झारखंड के लिए एक मिसाल बन चुका है. प्रभात खबर ने उनके जीवन संघर्ष, सोच और सामाजिक यात्रा को लेकर उनसे खास बातचीत की. आइए जानते हैं उन्हीं की जुबानी...

बचपन से ही बाबा कार्तिक उरांव के जीवन संघर्ष और उनके व्यक्तित्व ने मुझे गहराई से प्रभावित किया है. गुमला जिले के एक छोटे से बिहड़ गांव से निकलकर, बचपन में गाय-बकरियां चराते हुए, विदेशों के प्रतिष्ठित संस्थानों तक का सफर तय करने वाले और उच्च डिग्रियां हासिल करने वाले बाबा मेरे लिए किसी काले हीरे से कम नहीं थे. उनकी यह अद्भुत जीवन यात्रा मुझे बार-बार यह सोचने पर मजबूर करती थी कि इंसान की पहचान उसके जन्मस्थान, गरीबी या सामाजिक परिस्थितियों से नहीं, बल्कि उसके बुलंद सपनों और उन्हें पूरा करने के अडिग संकल्प से तय होती है. बाबा कार्तिक उरांव की प्रेरणा ने ही मेरे मन में विज्ञान की कठिन और ऊंची पढ़ाई करने का मजबूत सपना जगाया था. लेकिन 1990 के दशक के उस दौर में हमारे जैसे साधारण परिवारों के बच्चों के लिए विज्ञान की पढ़ाई करना किसी पहाड़ चढ़ने जैसा कठिन काम था.

1996: जब सपनों के सामने खड़ी हो गईं आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियां

साल 1996 का वह दौर था, जब बिहार में मैट्रिक का कुल रिजल्ट महज 9 से 10 प्रतिशत के आसपास हुआ करता था. उस समय मेरे सामने भी आगे की पढ़ाई को लेकर बड़ा सवाल था. मैं बिहार के किसी कॉलेज में विज्ञान विषय लेकर पढ़ाई करने की संभावनाओं पर विचार कर रहा था. लेकिन मेरे घर की तंग आर्थिक स्थिति और सामाजिक परिवेश मेरे इन सपनों के अनुकूल नहीं थे. उस दौर में यह माना जाता था कि विज्ञान की पढ़ाई केवल बड़े और संभ्रांत परिवारों के बच्चे ही कर सकते हैं.

अच्छी कोचिंग, ट्यूशन, बेहतर मार्गदर्शन और पर्याप्त पैसों के बिना विज्ञान पढ़ना बेहद मुश्किल समझा जाता था. इसी उहापोह के बीच मेरे एक करीबी रिश्तेदार ने मुझे व्यावहारिक सलाह देते हुए कहा, "साधारण परिवार के बहुत से बच्चे कॉमर्स पढ़कर बैंक में नौकरी पा रहे हैं. विज्ञान पढ़कर क्या करोगे? इसमें खर्च भी बहुत है और मेहनत भी."

उनकी इस बात में उस समय के समाज की एक कड़वी सच्चाई छिपी थी. आखिरकार, विकट परिस्थितियों के सामने मेरा विज्ञान पढ़ने का सपना अधूरा ही रह गया. मन में एक गहरी कसक जरूर घर कर गई, लेकिन शायद जीवन ने मेरे लिए कोई दूसरी और बड़ी भूमिका तय कर रखी थी.

सपना टूटा तो क्या, छोटे भाई की राह को मैंने ऐसे बनाया आसान

मैंने मन में ठान लिया कि यदि मैं विज्ञान नहीं पढ़ पाया, तो कोई बात नहीं, कम से कम अपने छोटे भाई के लिए रास्ता बनाने की पूरी कोशिश तो कर ही सकता हूँ। साल 2002 में मेरा छोटा भाई जब प्रथम श्रेणी से मैट्रिक की परीक्षा पास किया, तो मैंने बिना एक पल गंवाए उसका नामांकन टाटा कॉलेज, चाईबासा में इंटर साइंस में करा दिया।

उस समय आर्थिक रूप से थोड़ी बेहतर स्थिति वाले लोग अपने बच्चों को रांची भेजने लगे थे. लेकिन हमारे लिए अपने ही जिले में रहकर पढ़ाई करना अधिक व्यावहारिक था. मैं नहीं चाहता था कि संसाधनों और पैसों की कमी के कारण मेरे भाई के सपने भी बीच में ही अधूरे छूट जाएं.

उस वक्त मेरी नौकरी ग्रुप-डी में थी और मेरा मासिक वेतन मात्र 4,500 रुपये था। घर की तमाम जिम्मेदारियों और जरूरतों के बीच मैं हर महीने करीब 3,000 से 3,500 रुपये भाई की पढ़ाई और तैयारी के लिए रांची भेज देता था. आज के समय में यह रकम भले ही छोटी लगे, लेकिन उस कठिन दौर में यह हमारे परिवार के लिए एक बहुत बड़ी और साहसिक जिम्मेदारी थी. मेरे लिए वह केवल पैसे भेजना नहीं था, बल्कि अपने अधूरे सपने को छोटे भाई के जरिए पूरा करने का एक पवित्र प्रयास था.

भाई की सफलता बनी परिवार की नयी उम्मीद व मेरी सबसे बड़ी खुशी

इंटर साइंस की पढ़ाई पूरी करने के बाद मेरे भाई ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू की और बेहतर मार्गदर्शन के लिए रांची का रुख किया. राह बिल्कुल आसान नहीं थी, लंबा संघर्ष करना पड़ा, लेकिन उसकी कड़ी मेहनत रंग लायी. उसे बीआईटी देवघर में दाखिला मिला और उसने वहां से बैचलर इन इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल कर ली.

उस दिन मेरी खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। हमारे पूरे खानदान में वह इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने वाला पहला शख्स बना. यह केवल मेरे भाई की व्यक्तिगत सफलता नहीं थी, बल्कि हमारे पूरे परिवार और समाज के लिए एक नई उम्मीद की किरण थी. उसने साबित कर दिया कि यदि परिवार का कोई एक व्यक्ति भी किसी के सपनों के लिए चट्टान बनकर खड़ा हो जाए, तो बदली हुई परिस्थितियां भी हार मान लेती हैं.

इसके बाद मैंने ही उसे प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए प्रेरित किया ताकि वह अपनी उच्च शिक्षा और क्षमता का उपयोग केवल अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की तस्वीर और तकदीर बदलने में कर सके.

बाबा कार्तिक उरांव से मिला जीवन का असली व बड़ा सामाजिक मकसद

बाबा कार्तिक उरांव के जीवन और विचारों से जुड़ने का सबसे बड़ा लाभ यह हुआ कि मुझे जीवन को देखने का एक पूरी तरह से नया और सकारात्मक नजरिया मिला. मैंने समझा कि शिक्षा केवल कुछ डिग्रियां हासिल करने या महज नौकरी पाने का साधन भर नहीं है, बल्कि यह इंसान को उसके अधिकारों, कर्तव्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का बोध कराती है.

धीरे-धीरे मेरे मन में एक सवाल बार-बार उठने लगा कि अगर जीवन मिला है, तो क्या सिर्फ अपने और अपने परिवार के लिए ही जिया जाए? क्यों न उन बच्चों के लिए रास्ते बनाए जाएं, जिनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उनके पास आगे बढ़ने के साधन और सही मार्गदर्शन नहीं हैं? क्यों न उन सुदूर गांवों और बस्तियों तक किताबें पहुंचाई जाएं, जहां पुस्तकालय की कल्पना करना भी किसी सपने जैसा था?

इसी सोच ने मेरे व्यक्तिगत संघर्ष को एक बड़े सामाजिक उद्देश्य में बदल दिया. आज जब मैं ग्रामीण इलाकों में पुस्तकालयों के जरिए बच्चों को जोड़ता हूं, तो मुझे बाबा कार्तिक उरांव की प्रेरणा साफ महसूस होती है.

दूसरों के सपनों को दे रहा हूं नया आकाश

आज मैं जो कुछ भी सकारात्मक करने की कोशिश कर रहा हूं, उसके मूल में बाबा कार्तिक उरांव का संघर्ष और शिक्षा के प्रति उनका अटूट समर्पण है. भले ही मैं खुद विज्ञान नहीं पढ़ पाया, लेकिन शिक्षा के प्रति मेरा विश्वास कभी कम नहीं हुआ.

छोटे भाई की सफलता से शुरू हुआ यह सफर अब झारखंड के हजारों वंचित बच्चों की उम्मीद बन चुका है. आज ग्रामीण और मोहल्ला पुस्तकालयों के माध्यम से मेरी यही पुरजोर कोशिश है कि किसी भी होनहार बच्चे का सपना सिर्फ इसलिए अधूरा न रह जाए कि उसके पास पैसे नहीं हैं, मार्गदर्शन का अभाव है या उसके गांव में पढ़ाई का अच्छा माहौल नहीं है.

बाबा कार्तिक उरांव से मैंने यही सीखा कि अपनी माटी और जड़ों पर गर्व करते हुए दुनिया की सबसे ऊंची बुलंदियों को छुआ जा सकता है. जीवन की सबसे बड़ी सार्थकता इसी में है कि हम अपने संघर्षों से सीख लेकर दूसरों के लिए भी सफलता के नये रास्ते तैयार करें। मेरा एक सपना अधूरा जरूर रहा, लेकिन उसी ने मुझे समाज के अनगिनत बच्चों के सपने पूरे करने की शाश्वत प्रेरणा दी है. बाबा कार्तिक उरांव की जयंती पर उन्हें यही हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी कि शिक्षा की यह अमूल्य रोशनी झारखंड के हर गांव, हर घर और हर जरूरतमंद बच्चे तक निर्बाध रूप से पहुंचती रहे.