आदिवासियों की धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला बर्दाश्त नहीं: बैजू मुर्मू

-क्योंझर में आदिवासी समाज के धार्मिक अनुष्ठान में व्यवधान मामले की लिखित शिकायत राज्यपाल व राष्ट्रपति से की जायेगी
-मरांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन के समापन समारोह में मुख्य हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत

Jamshedpur News :ओडिशा के क्योंझर जिले के घासीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुरा गांव में हाल ही में आदिवासी संताल समाज के एक धार्मिक पूजा कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न हुए व्यवधान और तोड़फोड़ की घटना को लेकर धाड़ दिशोम माझी परगना महाल ने गहरी नाराजगी जताया है. घटना की कड़ी निंदा करते हुए देश परगना बाबा बैजू मुर्मू ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से समाज की धार्मिक भावनाओं और आस्था को गहरी ठेस पहुंची है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है. आदिवासियों की धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर राष्ट्रपति, ओडिशा के राज्यपाल और राज्य के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जायेगा. ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की जायेगी कि घटना में शामिल दोषियों को तुरंत चिन्हित किया जाये और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो.

पीरटांड में 4-5 दिसंबर को होगा मरांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन
माझी परगना महाल बाखुल पावड़ा, घाटशिला में देश परगना बाबा बैजू मुर्मू की अध्यक्षता में माझी बाबा, परगना बाबा और समाज के प्रतिनिधियों की एक बैठक संपन्न हुई. बैठक का मुख्य एजेंडा 4 और 5 दिसंबर को गिरिडीह जिले के पीरटांड स्थित मधुबन में आयोजित होने वाले दो दिवसीय ''मरांग बुरु धोरोमगाढ़ महासम्मेलन'' की तैयारियों की चर्चा करना था. मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता दुर्गाचरण मुर्मू ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इस महासम्मेलन की तैयारियां असम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और झारखंड के विभिन्न जिलों में बहुत ही जोरदार तरीके से चल रही हैं. कोल्हान प्रमंडल से हजारों की संख्या में परगना बाबाओं के नेतृत्व में समाज के लोग गिरिडीह पहुंचेंगे. इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा पड़ोसी देशों जैसे नेपाल, बांग्लादेश और भूटान से भी डेलिगेट्स शामिल होंगे. बैठक में माझी परगना महाल के सलाहकार हरिपोदो मुर्मू, टीएसी सदस्य जोसाई मार्डी, परगाना लखन मार्डी, नवीन मुर्मू, सुरेंद्र टुडू, बिंदे सोरेन, जगदीश बास्के, विपिन चंद्र मुर्मू आदि समाज प्रतिनिधि शामिल थे.

महासम्मेलन में 3000 माझी बाबा करेंगे शिरकत
प्रवक्ता ने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन देश-विदेश से आये 3,000 माझी बाबा, परगना बाबा और समाज के बुद्धिजीवियों का विशेष सत्र आयोजित होगा. इसमें आदिवासी संथाल समुदाय के रीति-रिवाज, भाषा-संस्कृति, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था, सरना धर्म और मरांग बुरु धोरोमगाढ़ के संरक्षण पर गहन चर्चा होगी. इस दौरान कई महत्वपूर्ण सामाजिक-धार्मिक प्रस्ताव पारित किये जायेंगे. महासम्मेलन के समापन समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे.