जादूगोड़ा मां रंकिनी मंदिर कमेटी में आधिपत्य को लेकर आठ सदस्यीय जांच कमेटी गठित

Jamshedpur News: जादूगोड़ा स्थित मां रंकिनी मंदिर के आधिपत्य और संचालन को लेकर विवाद गहरा गया है। आदिवासी भूमिज समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को रंकिनी मंदिर कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जयपाल सिंह सरदार ने की। बैठक के दौरान मां रंकिनी कपड़ागाड़ी घाट विकास समिति के अध्यक्ष दिनेश सरदार द्वारा समानांतर समिति के गठन पर कड़ी आपत्ति जताई गई और इसे अवैध घोषित किया गया।

25 अक्टूबर की बैठक को बताया असंवैधानिक
बैठक में समाज के नेता सिद्धेश्वर सरदार ने आरोप लगाया कि कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा समिति के नियमों की अवहेलना की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 25 अक्टूबर को दिनेश सरदार की अध्यक्षता में होने वाली बैठक पूरी तरह से असंवैधानिक है। नियमावली के मुताबिक हर साल आम सभा और तीन साल में समिति का पुनर्गठन होना चाहिए, लेकिन वर्तमान अध्यक्ष वर्ष 2010 से बिना नियम पालन किए पद पर काबिज हैं।

आय-व्यय का लेखा-जोखा न होने पर नाराजगी
समाज के नेताओं ने अध्यक्ष दिनेश सरदार पर यह भी आरोप लगाया कि उनके द्वारा समिति के आय-व्यय का कोई भी लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया गया है, जो कि बेहद दुखद है। हरीश सिंह भूमिज ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष दिनेश सरदार मुख्य पुजारी अनिल सिंह की जगह अन्य पुजारी को स्थापित करने की साजिश रच रहे हैं, जिसे समाज बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा।

आठ सदस्यीय जांच कमेटी का गठन
मंदिर समिति के बीच उभर रहे इस विवाद की गहनता से जांच करने के लिए सर्वसम्मति से 8 सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है। इस जांच टीम में झूमिता सरदार, सुनाराम सरदार, हिमांशु सरदार, पुतुल सरदार, सुबोध सरदार, मणिक सरदार और रथू सरदार को शामिल किया गया है। यह जांच टीम पूरे विवाद की विस्तृत जांच करके एक माह के भीतर आदिवासी भूमिज समाज को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

जांच रिपोर्ट आने के बाद सभा का होगा आयोजन
जांच रिपोर्ट आने के बाद भूमिज समाज की तरफ से एक विराट सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगे का उचित निर्णय लिया जाएगा। इस बैठक में पुजारी अनिल सिंह, सिद्धेश्वर सरदार, हरीश सिंह भूमिज, श्रितन सरदार, मोतीलाल सरदार, नेपाल सरदार, राजाराम सरदार, रामरंजन सरदार, मन्मथ सिंह, कालीचरण सिंह, सुंदर सिंह, बिलोट सरदार, गुलाब सरदार, सुषमा सरदार सहित लगभग 50 गांवों के भूमिज समाज के लोग उपस्थित थे।