Tiring News : ओडिशा के तिरिंग स्थित आसेका भवन में आदिवासी पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था माझी पारगना महालकी ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक एवं सामाजिक पगड़ी पहनाई समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर आदिवासी संताल समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक रीति-रिवाजों और स्वशासन प्रणाली को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए तथा नए पदाधिकारियों को सामाजिक जिम्मेदारी सौंपी गई।
आसेका भवन तिरिंग में हुई पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था की बैठक
ओडिशा के तिरिंग स्थित आसेका भवन में मांझी पारगना महाल की एक विशेष बैठक संपन्न हुई. आसेका भवन आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति और सामाजिक निर्णयों का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है. इस बैठक में भोंज दिशोम और आसपास के क्षेत्रों से मांझी बाबा, पारगना बाबा तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भोंज दिशोम में रिक्त पड़े देश पारगना बाबा के पद पर सुयोग्य नेतृत्व का चयन करना और सामाजिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करना था.
दाखिन हांसदा को देश पारगना बाबा की जिम्मेदारी, पगड़ी रस्म पूरा किया
भोंज दिशोम में देश पारगना बाबा का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा था. बैठक में सामाजिक सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए दाखिन हांसदा को देश पारगना बाबा के पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई. संताल समाज की पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार उन्हें सम्मानपूर्वक पगड़ी पहनाकर इस पद पर आसीन किया गया. इसके साथ ही भोंज दिशोम के पीढ़ पारगना बाबाओं को भी पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक एकजुटता बनाए रखने का निर्देश दिया गया.
सामाजिक प्रतिनिधियों ने समाज के संरक्षण का संकल्प लिया
समारोह के दौरान नव-नियुक्त पदाधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने समाज के संरक्षण का संकल्प लिया। मांझी पारगना महाल द्वारा भोंज दिशोम संताल समाज के पारंपरिक रीति-रिवाज, पूजा पद्धति, हासा-भाषा (भूमि व भाषा) तथा धर्म-संस्कृति के संरक्षण का कार्य निरंतर करने पर सहमति बनी. इसके अलावा, आदिवासियों के मूल अस्तित्व यानी 'जल, जंगल और जमीन' को बचाने के लिए सामाजिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. साथ ही, संविधान में प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए पेसा कानून 1996 (PESA Act) को धरातल पर पूरी तरह से लागू कराने के लिए प्रयास तेज करने की बात कही गई.
कार्यक्रम में सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए
इस ऐतिहासिक सामाजिक आयोजन में माझी परगना महाल के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित थे. इस्ममें मुख्य रूप से दुर्गा चरन मुर्मू, सुशील कुमार हांसदा, सोनातन हांसदा और छोटराय हेंब्रम शामिल हुए. इनके अलावा काफी संख्या में समाज के महिला व पुरुष श्रद्धालु और प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
Social Plugin