JAMSHEDPUR NEWS : सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय ''राष्ट्रीय हो युवा सम्मेलन-2026'' का आयोजन होने जा रहा है. इसमें देश के कोने-कोने से आदिवासी हो समाज के ऊर्जावान युवाओं का महासंगम देखने को मिलेगा. आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरा बिरुली ने इस जानकारी को साझा करते हुए बताया कि यह सम्मेलन समाज की उन्नति और प्रगति के नये रास्ते तय करेगा. यह सम्मेलन केवल एक बैठक नहीं, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा तैयार करने का एक शानदार अवसर है. इसमें देश भर से ग्रामीण व शहरी युवाओं के साथ-साथ डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर, साहित्यकार, जज, बुद्धिजीवी और सम्मानित सेवानिवृत्त अधिकारी एक मंच पर कंधे से कंधा मिलाकर जुटेंगे. सम्मेलन में एक विशेष ''ओपन स्टेज'' रखा गया है, जो हर युवा को समाज के विकास और भविष्य पर सकारात्मक व बेबाक विचार रखने का बेहतरीन और समान अवसर देगा.
महिलाओं की अगुवाई में होगा राष्ट्रीय हो युवा सम्मेलन
इस बार के सम्मेलन की सबसे खास बात इसकी प्रेरणादायी और प्रगतिशील रूपरेखा है. यह पूरा आयोजन महिला सशक्तिकरण और नई पीढ़ी के नेतृत्व को समर्पित रहेगा. कार्यक्रम की पूरी बागडोर जेन-जी और मिलेनियल्स वर्ग की दूरदर्शी युवा महिलाओं के हाथों में सौंपी गई है. सम्मेलन को नेतृत्व प्रदान करने की यह अहम जिम्मेदारी सुष्मिता बिरूवा, निकिता सोय, शांति सिदू, वीणा दिग्गी, रोशनी बोईपाई और सरस्वती सावैयां जैसी सशक्त युवा महिलाओं को दी गई है.
5 हजार से अधिक युवा करेंगे शिरकत
इस राष्ट्रीय महाकुंभ में देश भर से 5 हजार से अधिक युवाओं के उत्साह के साथ शामिल होने की संभावना है. आदिवासी हो समाज अपनी संस्कृति, शिक्षा और अधिकारों को लेकर बहुत जागरूक और सक्रिय है. यह सम्मेलन युवाओं को नयी ऊर्जा, सही दिशा और एक मजबूत एकजुटता प्रदान करेगा, जो समाज को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जायेगा.
रोजगार, स्किल डेवलपमेंट व स्टार्टअप पर होगा विशेष सत्र
राष्ट्रीय हो युवा सम्मेलन-2026 में समाज के चहुंमुखी विकास को लेकर गंभीर मंथन होगा. सम्मेलन में युवाओं के भविष्य से लेकर पारंपरिक प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया जायेगा.
आज की युवा पीढ़ी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सम्मेलन में रोजगार के अवसरों, स्किल डेवलपमेंट, व्यापार और आधुनिक स्टार्टअप पर विशेष सत्र आयोजित किये जायेंगे. इसके तहत युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने और नये व्यावसायिक रास्ते तलाशने के लिए देश भर के विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे, ताकि समाज का युवा आर्थिक रूप से मजबूत हो सके.
पारंपरिक व्यवस्था व सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा का लेंगे संकल्प
सम्मेलन में मानकी-मुंडा व्यवस्था और ग्राम व्यवस्था को आधुनिक समय में और अधिक सशक्त बनाने पर गंभीर मंथन होगा. साथ ही, 5वीं अनुसूची और पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन व जागरूकता पर जोर दिया जायेगा. इसके अलावा, हो भाषा को उचित मान-सम्मान व मान्यता दिलाने, समाज में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को संजोये रखने पर भी विस्तृत चर्चा की जायेगी.
Social Plugin