नशा-मुक्त भविष्य के लिए एकजुट हुए ग्रामीण, बच्चों को नशे की गर्त से बचाने आगे आया समाज

JAMSHEDPUR NEWS : झारखंड की धरती पर जब समाज खुद अपनी भावी पीढ़ी के संरक्षण का बीड़ा उठा ले, तो बदलाव की बयार बहने लगती है. खूंटी जिला अंतर्गत अड़की प्रखंड के सुदूर कुरूंगा गांव से ऐसी ही एक बेहद उम्मीद जगाने वाली तस्वीर सामने आयी है. कम उम्र के बच्चों और किशोरों को बीड़ी-सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों के जानलेवा चंगुल से सुरक्षित रखने के लिए स्थानीय संगठनों और ग्रामीणों ने हाथ मिलाया है. नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन और वीर बिरसा मेमोरियल क्लब साझा प्रयास से सुदूर गांव-देहातों में जाकर बच्चों व अभिभावक से मिल रहे हैं. इस अभियान में नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन और वीर बिरसा मेमोरियल क्लब के प्रतिनिधि जादुराय मुंडरी, सोमा सामद, गब्बरसिंह हेंब्रम, सुरेंद्र सिंह मुंडा, केदारनाथ सामद, जुरा सामद, बिरसा सामद, किनु पाहन, कल्याण तिड़ू और किनु समद व अन्य गांव-गांव जाकर बच्चों को नशे की गर्त से बचाने का अभियान चलाने में अहम योगदान दे रहे हैं. नुक्कड़ नाटक व पंपलेट बांटकर ग्रामीणों को अपने बच्चों को नशे की लत से बचाने का अपील कर रहे हैं. वे इस मुहिम के तहत ग्रामीणों को केवल चेतावनी ही नहीं दे रहे हैं, बल्कि गांव में एक पारदर्शी और स्वस्थ माहौल तैयार हो. वे ग्रामीणों से अपील कर रहे है कि वे अपने घर और आस-पड़ोस को तंबाकू-मुक्त बनाने में बढ़-चढ़कर सहयोग दें. वे ग्रामीणों को बता रहे हैं कि एक स्वस्थ वातावरण ही बच्चों को तंबाकू जैसे उत्पादों से दूर रहने और अपनी पढ़ायी व खेलकूद में मन लगाने के लिए प्रेरित कर सकता है. गांव के विकास का मार्ग केवल शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य से होकर ही गुजरता है, इस बात को ग्रामीणों ने सहर्ष स्वीकार किया.

टीम ने गांव-गांव जाकर चौपाल पर कर रहे नुक्कड़ 
गांव के चौपाल पर जब नुक्कड़ सभा का आयोजन हुआ, तो उसमें केवल बातें नहीं हुईं, बल्कि गांव के सुनहरे भविष्य की नींव रखी गयी. सभा के माध्यम से ग्रामीणों और बच्चों को तंबाकू सेवन के गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया गया. गब्बर सिंह ने बताया कि किस तरह कम उम्र में बीड़ी, सिगरेट और गुटखा जैसे जहरीले पदार्थों का सेवन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को पूरी तरह बाधित कर देता है. इस जीवंत संवाद ने ग्रामीणों के दिलों को छुआ और उन्हें अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराया.

बच्चों की दैनिक गतिविधियों पर नजर रखने की अपील 
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रबुद्ध जनों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि अक्सर बच्चे शुरुआत में केवल शौक, कौतूहल या दोस्तों के दबाव में आकर तंबाकू का सेवन शुरू करते हैं. यही छोटी सी भूल आगे चलकर एक भयानक नशे की लत का रूप धारण कर लेती है. इस खतरे को भांपते हुए अभिभावकों और पूरे समाज को सचेत किया गया. वक्ताओं ने ग्रामीणों को बताया कि बच्चों की संगति और उनकी दैनिक गतिविधियों पर नजर रखना समय की सबसे बड़ी मांग है, ताकि उन्हें सही समय पर सही दिशा दी जा सके.

परिवार व समाज का सामूहिक प्रयास जरूरी 
अभियान के दौरान यह बात प्रमुखता से उभरी कि किसी भी बुराई को मिटाने के लिए केवल कानून या नीतियां काफी नहीं होतीं, बल्कि परिवार और समाज का सामूहिक प्रयास सबसे कारगर हथियार होता है. वीर बिरसा मेमोरियल क्लब और नेशनल आदिवासी रिवाईवल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि माता-पिता और गांव के बुजुर्ग बच्चों को लगातार मार्गदर्शन दें, तो कोई भी बच्चा गलत रास्ते पर नहीं भटकेगा. समाज की यह एकजुटता से ही गांव को एक आदर्श गांव बनायेगी.