POTKA NEWS : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान ग्रामीणों को दस्तावेज प्रस्तुत करने में आ रही परेशानियों को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विधायक ने SIR की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और ग्रामीणों के सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया को सरल, सहज और व्यवहारिक बनाने की मांग की। विधायक ने कहा कि तकनीकी या दस्तावेजी कठिनाइयों के कारण किसी पात्र मतदाता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पोटका में 29 हजार मतदाताओं की विसंगति का मुद्दा
बैठक के दौरान विधायक ने पोटका प्रखंड में मैपिंग के बाद भी करीब 29 हजार मतदाताओं को विसंगति सूची में शामिल किए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम, पता, उम्र अथवा अन्य विवरणों में छोटी-मोटी त्रुटियों के कारण ग्रामीणों को नोटिस जारी किये जा रहे हैं। ऐसे मामलों में लोगों को अपने रिकॉर्ड और दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि विसंगतियों के समाधान के लिए ग्रामीणों को स्पष्ट जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
गरीब और ग्रामीण परिवारों को दस्तावेज जुटाने में परेशानी
संजीव सरदार ने कहा कि नोटिस मिलने के बाद मांगे गये दस्तावेज जुटाना गरीब, आदिवासी और ग्रामीण परिवारों के लिए चुनौती बन रहा है। कई ग्रामीण आवश्यक कागजात के लिए पंचायत से लेकर प्रखंड कार्यालय तक दौड़ लगा रहे हैं। कुछ लोगों के पास पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण भी परेशानी सामने आ रही है। विधायक ने कहा कि ऐसे मामलों को संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और दस्तावेज प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को अधिक व्यवहारिक बनाने पर जोर दिया।
प्रक्रिया सरल बनाने और समाधान का विधायक ने दिया सुझाव
बैठक में विधायक ने कहा कि जिन मामलों में छोटी-मोटी त्रुटियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों के समाधान के लिए आवश्यक सहयोग देने को कहा। SIR के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से मतदाताओं को पुराने SIR रिकॉर्ड की जांच और संबंधित जानकारी खोजने की सुविधा उपलब्ध होने की बात भी बैठक में सामने आयी।
बैठक के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि चुनाव आयोग को SIR की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोग बिना परेशानी अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने कहा कि वे पूरे मामले से मुख्यमंत्री और राज्य मंत्रिमंडल को अवगत कराएंगे, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल हो सके। बैठक में एडीएम मुकेश मछुआ, बीडीओ अरुण कुमार मुंडा, सीओ निकिता बाला, पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Social Plugin