बागबेड़ा में मूसलधार बारिश से कच्चा मकान ढहा, बाल-बाल बचा धनंजय माझी का परिवार

Jamshedpur News : बागबेड़ा क्षेत्र के गिद्दीझोपड़ी में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के बीच शुक्रवार तड़के एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में धनंजय माझी का परिवार बाल-बाल बच गया। घटना सुबह करीब तीन बजे की बतायी गयी है। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक मिट्टी की दीवार गिरने की आवाज से परिवार के लोग जाग गये और किसी तरह घर से बाहर निकल आये। समय रहते बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

बारिश के बीच अचानक ढह गया मिट्टी का घर

लगातार बारिश के कारण धनंजय माझी के मिट्टी के मकान की दीवार कमजोर हो गयी थी। शुक्रवार की सुबह अचानक दीवार भरभराकर गिर गयी। इसके बाद मकान का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गयी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। बारिश के कारण मकान में रहना अब पूरी तरह असुरक्षित हो गया है।

मलबे में दबकर गृहस्थी का सामान बर्बाद

मकान की दीवार गिरने से घर में रखा गृहस्थी का काफी सामान मलबे के नीचे दब गया। दैनिक जरूरत के कई सामान क्षतिग्रस्त होने से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। गरीब परिवार के सामने अब एक साथ रहने और जरूरी सामान जुटाने की समस्या खड़ी हो गयी है। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद धनंजय माझी का परिवार फिलहाल तिरपाल के सहारे रहने को मजबूर है। बारिश जारी रहने से परिवार की परेशानी और बढ़ गयी है।

मुखिया समेत ग्रामीणों ने लिया नुकसान का जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद मध्य घाघीडीह पंचायत के मुखिया सुनील किस्कू, गांव के माझी बाबा सुखराम किस्कू और झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के सामने खतरा बढ़ गया है।

अंचलाधिकारी से राहत और मुआवजे की मांग

मुखिया सुनील किस्कू ने बताया कि घटना की जानकारी अंचलाधिकारी मनोज कुमार को दे दी गयी है। उन्होंने कहा कि शनिवार को पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने और मुआवजा दिलाने के लिए अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का आकलन कर पीड़ित परिवार को आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को बारिश के बीच सुरक्षित आश्रय मिल सके।