Jamshedpur/Ranchi: झारखंड की आदिवासी संस्कृति में हंडिया का सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व लंबे समय से रहा है। पारंपरिक रूप से इसे चावल और जंगलों में मिलने वाली विभिन्न जड़ी-बूटियों से तैयार किया जाता है। हंडिया बनाने की पारंपरिक प्रक्रिया, इसमें इस्तेमाल होने वाली जड़ी-बूटियों से तैयार राणु तथा इसके वैज्ञानिक पहलुओं को समझने के लिए सात वर्षों तक शोध किया गया। यह अध्ययन रांची, खूंटी, गुमला और रामगढ़ जिले में किया गया। शोध के दौरान पारंपरिक तरीके से हंडिया तैयार करने से लेकर उसमें मौजूद सूक्ष्मजीवों और अन्य तत्वों का वैज्ञानिक परीक्षण किया गया।
2019 में रांची से शुरू हुआ शोध, अगस्त 2026 में पूरा
श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय की गेस्ट फैकल्टी और शोधकर्ता डॉ. सुकन्या हेम्ब्रम ने बताया कि हंडिया पर शोध पूरा करने में करीब सात साल का समय लगा। उन्होंने वर्ष 2019 में रांची जिले से शोध कार्य शुरू किया था, जो अगस्त 2026 में पूरा हुआ। इस दौरान झारखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में हंडिया तैयार करने की पारंपरिक विधियों का अध्ययन किया गया। इस शोध में डॉ. शालिनी लाल शोध निर्देशक और संत जेवियर कॉलेज की डॉ. संयुक्ता कुमार सह-शोध निर्देशक रहीं। दोनों के मार्गदर्शन में डॉ. सुकन्या हेम्ब्रम ने अपनी पीएचडी थीसिस पूरी की। शोध में अलग-अलग क्षेत्रों में इस्तेमाल होने वाले चावल और हंडिया बनाने के तरीकों में अंतर को भी समझने का प्रयास किया गया।
अलग-अलग चावल से तैयार होती है हड़िया, स्वाद में भी अंतर
डॉ. सुकन्या हेम्ब्रम के अनुसार, हंडिया तैयार करने के लिए अलग-अलग प्रकार के चावल का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें करहनी चावल, उसना चावल, मडुवा यानी रागी और अरवा चावल प्रमुख हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध चावल और पारंपरिक विधि के आधार पर हड़िया के स्वाद में भी अंतर देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि गुमला क्षेत्र में लाल चावल यानी करहनी धान से हड़िया तैयार करने की परंपरा है, जबकि खूंटी में अरवा चावल से हल्की मीठी हंडिया तैयार की जाती है। इस तरह स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनाज, राणु और बनाने की प्रक्रिया हड़िया की प्रकृति और स्वाद को प्रभावित करती है। शोधकर्ता के अनुसार, स्थानीय स्तर पर हड़िया के सेवन को पीलिया सहित कुछ बीमारियों से राहत से भी जोड़ा जाता है। हालांकि ऐसे स्वास्थ्य संबंधी दावों को वैज्ञानिक रूप से समझने के लिए आगे विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता बतायी गयी है।
12 किलो चावल से लैब में तैयार कर किया गया परीक्षण
सात साल के शोध के दौरान करीब 12 किलो चावल का इस्तेमाल किया गया। अलग-अलग क्षेत्रों से चावल के नमूने लेकर माइक्रोबायोलॉजी लैब में पारंपरिक तरीके से हड़िया तैयार की गयी। इसके बाद तैयार हड़िया और उसके पानी का वैज्ञानिक परीक्षण किया गया। शोधकर्ता ने बताया कि अध्ययन के दौरान सबसे पहले चावल को लकड़ी की आग पर पकाया गया। इसके बाद उसे अंधेरे कमरे में करीब आधे से एक घंटे तक सुखाया गया। फिर जड़ी-बूटियों से तैयार राणु को हाथ से चावल में मिलाया गया। चावल और राणु के मिश्रण को एक बर्तन में रखा गया। करीब दो से चार दिन बाद तैयार हड़िया और उसके पानी को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया। इस पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य पारंपरिक विधि को वैज्ञानिक तरीके से समझना और हड़िया तैयार होने के दौरान होने वाले जैविक बदलावों का अध्ययन करना था।
लैब जांच में लैक्टोबैसिलस और एंटीऑक्सीडेंट की मौजूदगी
शोध के दौरान हंडिया में विभिन्न प्रकार के सूक्ष्मजीवों और तत्वों की मौजूदगी का पता चला। शोधकर्ता के अनुसार, प्रयोगशाला परीक्षण में लैक्टोबैसिलस और एंटीऑक्सीडेंट की मौजूदगी सामने आयी। उनका कहना है कि पारंपरिक तरीके से तैयार हंडिया और बाजार में तैयार या बेची जाने वाली हड़िया की गुणवत्ता में अंतर हो सकता है। डॉ. सुकन्या हेम्ब्रम के अनुसार, कुछ स्थानों पर बाजार में हड़िया तैयार करने के लिए पारंपरिक राणु के स्थान पर बाहरी अथवा रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है। इससे हंडिया की प्रकृति और उसमें अल्कोहल की मात्रा प्रभावित हो सकती है। इसलिए पारंपरिक विधि और बाजार में तैयार उत्पाद के बीच अंतर को समझना जरूरी है।
200 पेज की पीएचडी थीसिस, पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण पर जोर
हंडिया पर किए गये इस शोध के आधार पर करीब 200 पेज की पीएचडी थीसिस तैयार की गयी है। माइक्रोबायोलॉजी के क्षेत्र में वर्ष 2017 से गेस्ट फैकल्टी के रूप में कार्य कर रहीं डॉ. सुकन्या हेम्ब्रम के अनुसार, हड़िया और इससे जुड़े पारंपरिक ज्ञान पर शोध विद्यार्थियों के लिए भी अध्ययन का महत्वपूर्ण विषय हो सकता है। उन्होंने कहा कि हड़िया में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न जड़ी-बूटियों और उनके वैज्ञानिक गुणों को लेकर अभी और अध्ययन की जरूरत है। भविष्य में इन जड़ी-बूटियों, राणु और हंडिया तैयार करने की पारंपरिक प्रक्रिया पर विस्तृत शोध से नई जानकारियां सामने आ सकती हैं। शोधकर्ता ने शराब और पारंपरिक हड़िया के बीच अंतर को भी रेखांकित किया। उनके अनुसार, औद्योगिक शराब तैयार करने में अलग-अलग औद्योगिक प्रक्रियाओं और पदार्थों का इस्तेमाल होता है, जबकि पारंपरिक हंडिया चावल और प्राकृतिक रूप से उपलब्ध जड़ी-बूटियों से तैयार की जाती है। आदिवासी समाज में हंडिया का संबंध केवल पेय से नहीं, बल्कि परंपरा, संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं से भी जुड़ा है। कई स्थानों पर इसका इस्तेमाल पूजा-पाठ में तपावन या सोमरस के रूप में भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि हंडिया से जुड़े पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और संरक्षित करने की जरूरत है, ताकि सदियों से चली आ रही इस परंपरा और उससे जुड़े ज्ञान को व्यवस्थित रूप से आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।
Social Plugin