Jamshedpur News : गणेश चतुर्थी के अवसर पर पोटका विधानसभा क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और गांवों में गणेश पूजा का आयोजन किया गया। पोटका विधायक संजीव सरदार ने भी क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर करीब दो दर्जन पूजा आयोजनों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहीं पूजा पंडाल का उद्घाटन किया, तो कहीं भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। विधायक ने पूजा समितियों के सदस्यों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
तुरामडीह से रसुनचोपा तक पूजा आयोजनों में पहुंचे विधायक
विधायक संजीव सरदार तुरामडीह यूसीआईएल कॉलोनी स्थित तुरामडीह यूथ क्लब, माटकू पंचायत के माघमारा स्थित यंग बॉय क्लब, कालिकापुर पंचायत के पोग्रोसाई में आयोजित गणेश पूजा तथा कालिकापुर के केवटपाड़ा स्थित यंग बॉयज यूथ क्लब के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न पूजा स्थलों पर विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके अलावा रसुनचोपा पंचायत के रसुनचोपा गांव, छोटा हड़ियान, टांगरायन पंचायत के पुतलुपुंग और कोवाली पंचायत के कूटसूरी में आयोजित गणेश पूजा में भी उनकी सहभागिता रही।
शंकरदा में 25 वर्षों की आस्था का उत्सव
शंकरदा पंचायत के ऊपरपाड़ा में मिलन संघ की ओर से आयोजित गणेश पूजा में विधायक विशेष रूप से शामिल हुए। इस वर्ष पूजा आयोजन के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती वर्ष मनाया जा रहा है। विधायक ने पूजा समिति के सदस्यों को इस विशेष अवसर पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से आयोजित हो रहा यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में लोगों की आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का भी उदाहरण है। ऐसे आयोजन ग्रामीणों को एक मंच पर आने का अवसर प्रदान करते हैं।
छोटा हड़ियान और कूटसूरी में श्रद्धालुओं को परोसा प्रसाद
सुंदरनगर निवासी महावीर महाकुड़ के आवास पर आयोजित प्रसाद वितरण कार्यक्रम में भी विधायक शामिल हुए। वहीं छोटा हड़ियान ग्राम पंचायत और कोवाली के कूटसूरी में आयोजित गणेश पूजा के बाद भंडारा और प्रसाद वितरण कार्यक्रम में उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच जाकर अपने हाथों से भोजन परोसा। विधायक ने लोगों के साथ बैठकर प्रसाद भी ग्रहण किया। उनके इस आत्मीय अंदाज से पूजा समितियों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया और पूजा आयोजन से जुड़ी बातें भी साझा कीं।
धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं : संजीव सरदार
गणेश पूजा कार्यक्रमों के दौरान विधायक संजीव सरदार ने सभी श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक और मंगल के प्रतीक हैं। गणेश पूजा जैसे धार्मिक आयोजन लोगों की आस्था से जुड़े होने के साथ समाज को एकजुट करने का भी माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि पोटका की सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द क्षेत्र की बड़ी ताकत है। विभिन्न गांवों और पंचायतों में आयोजित पूजा कार्यक्रमों में पहुंचकर उन्होंने आयोजकों और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद गांव-गांव जाकर पूजा आयोजनों में शामिल होने को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया।
Social Plugin