Jamshedpur News : सुंदरनगर चौक और मार्केट क्षेत्र में शनिवार को 106वीं वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना था। अभियान के दौरान रैफ के अधिकारियों और जवानों ने सफाई करने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
सुंदरनगर चौक और बाजार क्षेत्र में चला सफाई अभियान
कमांडेंट राजीव कुमार के निर्देश पर रैफ के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने सुंदरनगर चौक तथा आसपास के बाजार क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाया। जवानों ने सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरे की सफाई की और लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने की अपील की गयी।
कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील
रैफ के जवानों ने स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों को कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। बाजार क्षेत्र में आने वाले लोगों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने और प्लास्टिक व अन्य कचरे को इधर-उधर नहीं फेंकने की अपील की गयी।
स्वच्छता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : उप कमांडेंट
मौके पर उप कमांडेंट बच्चानदेव कुमार ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने घर, दुकान और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। कार्यक्रम में सुंदरनगर थाना के पुलिसकर्मियों ने भी सहभागिता निभायी। अभियान में उप कमांडेंट गुफरान अहमद, उप कमांडेंट राकेश कुमार, इंस्पेक्टर विजय कुमार सहित रैफ के कई अधिकारी और जवान शामिल हुए।
Social Plugin