अंचल कार्यालय में अव्यवस्था से परेशान मतदाता, प्रखंड प्रमुख ने CO से की व्यवस्था सुधारने की मांग

Jamshedpur News : जमशेदपुर प्रखंड में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दौरान विसंगति वाले हजारों मतदाताओं को नोटिस जारी होने के बाद करनडीह स्थित प्रखंड सह अंचल कार्यालय में परेशानी बढ़ गयी है. पिछले कई दिनों से कार्यालय में मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. आरोप है कि विसंगति मतदाताओं के फॉर्म, दस्तावेज और रिपोर्ट से संबंधित कार्यों के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है. इससे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है.

फॉर्म भरने और प्रक्रिया समझने में हो रही परेशानी

मतदाताओं का कहना है कि SIR से संबंधित प्रक्रिया को लेकर उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है. फॉर्म भरने और रिपोर्ट तैयार करने के दौरान कई तरह की त्रुटियां सामने आ रही हैं. कई मतदाताओं के फॉर्म में गलतियां होने के कारण उन्हें दोबारा बुलाया जा रहा है. इससे विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. कार्यालय में भीड़ बढ़ने के कारण कर्मचारियों और मतदाताओं के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बन रही है. आरोप लगाया गया कि व्यवस्था के अभाव में अधिकारी और कर्मचारी भीड़ को संभालने में असहज नजर आ रहे हैं.

प्रतिदिन हो रही भीड़, शोर-शराबे से कामकाज प्रभावित

अंचल कार्यालय में लगातार बढ़ रही भीड़ का असर दूसरे सरकारी कार्यों पर भी पड़ रहा है. मतदाताओं के अलावा विभिन्न कार्यों से कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि कार्यालय में व्यवस्थित काउंटर, स्पष्ट मार्गदर्शन और पर्याप्त कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या और गंभीर हो रही है. उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गयी तो आने वाले दिनों में मतदाताओं की परेशानी और बढ़ सकती है.

प्रखंड प्रमुख ने CO से की मुलाकात, DC से शिकायत का निर्णय

मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन के नेतृत्व में पंचायत समिति सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी मनोज कुमार से मुलाकात की. प्रमुख ने कहा कि विसंगति वाले मतदाताओं के लिए ठोस और व्यवस्थित व्यवस्था की आवश्यकता है, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े. उन्होंने कहा कि आम मतदाताओं को उनके हाल पर छोड़ना उचित नहीं है. प्रतिनिधिमंडल ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अंचल कार्यालय की व्यवस्था और मतदाताओं को हो रही परेशानी की लिखित शिकायत पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से की जायेगी. प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर SIR से संबंधित कार्यों के लिए व्यवस्थित व्यवस्था, पर्याप्त कर्मियों की तैनाती और मतदाताओं को स्पष्ट मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की मांग करने का निर्णय लिया. मौके पर पंचायत समिति सदस्य सतबीर सिंह बग्गा, सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, पंकज महतो, सोनिया भूमिज, मनोज यादव, सुशील कुमार समेत कई लोग मौजूद थे.