सात साल पहले बिछी पाइपलाइन, आज तक नहीं आया पानी
ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल की समस्या को देखते हुए गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत बड़ा टोला और गोटासाई में पाइपलाइन बिछायी गयी थी. उस समय लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें नियमित पेयजल उपलब्ध होगा. लेकिन सात वर्ष बीत जाने के बाद भी पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई. ग्रामीणों के अनुसार, योजना के तहत पाइपलाइन तो गांव तक पहुंच गयी, लेकिन जलापूर्ति व्यवस्था अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी.
पानी के लिए रोज करनी पड़ रही मशक्कत
ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल की समस्या का सबसे अधिक असर गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर पड़ रहा है. पानी की व्यवस्था के लिए लोगों को दूसरे स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है. गर्मी के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. महिलाओं और बच्चों को भी पानी जुटाने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है. ग्रामीणों का कहना है कि सात वर्षों से समस्या उठाये जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
अधिकारियों की लापरवाही पर मोर्चा ने जतायी नाराजगी
बैठक में जन उलगुलान मोर्चा के मुख्य संयोजक कृतिवास मंडल ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से लोगों को इतने लंबे समय तक वंचित रखना चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि यदि पाइपलाइन बिछायी जा चुकी है, तो जलापूर्ति शुरू करने में हो रही देरी की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
पेयजल विभाग से की जायेगी शिकायत
कृतिवास मंडल ने कहा कि जसकनडीह बड़ा टोला और गोटासाई की समस्या को लेकर अब पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों से शिकायत की जायेगी. विभाग के समक्ष पाइपलाइन बिछाये जाने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं होने का मामला रखा जायेगा. उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि दोनों टोला में जल्द पानी की आपूर्ति शुरू कराने के लिए आवश्यक पहल की जायेगी.
स्थायी समाधान के लिए आर-पार की लड़ाई का ऐलान
जन उलगुलान मोर्चा ने कहा कि ग्रामीणों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा. मोर्चा ग्रामीणों के साथ मिलकर इस मुद्दे को संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठायेगा. बैठक में सुनीता कुंकल, मोर्चा संयोजक भरत कुमार सिंह, मंगल पात्रो, मोना देवगम, मजुमदार हेंब्रम, शंभू सामद, कृष्णा देवगम, मनी कुंकल, जमबी देवगम, सावन मुर्मू, अभिराम सामद समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.
Social Plugin