Chandil News : चांडिल प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र वितरण एवं छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं। इस दौरान विधायक ने चांडिल प्रखंड के 25 झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित किया। वहीं, 35 छात्र-छात्राओं को साइकिल देकर वितरण अभियान की शुरुआत की गयी।
आंदोलनकारियों के संघर्ष को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी
विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के गठन के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। उनके संघर्ष और योगदान को सम्मान देना सरकार की जिम्मेदारी है। आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र मिलने से उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं और लाभों का लाभ उठाने में सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान और उनके हितों को लेकर गंभीर है। आंदोलनकारियों के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी समाज की जिम्मेदारी है।
चांडिल के 2500 विद्यार्थियों को मिलेगी साइकिल
विधायक ने कहा कि चांडिल प्रखंड क्षेत्र के करीब 2500 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया जायेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कई विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में दूरी और परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ता है। साइकिल मिलने से ऐसे विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई जारी रहे और आवागमन की समस्या के कारण उनकी शिक्षा प्रभावित नहीं हो, इसी उद्देश्य से साइकिल उपलब्ध करायी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान 35 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरित कर अभियान की शुरुआत की गयी।
जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आंदोलनकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, समर भुईयां समेत प्रखंड के पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, झारखंड आंदोलनकारी और अन्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान आंदोलनकारियों ने प्रमाण पत्र मिलने पर प्रसन्नता जतायी। वहीं, विद्यार्थियों ने साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में सुविधा होने की बात कही।
Social Plugin