Jamshedpur News: बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में नियमित और निर्धारित समय पर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर शुक्रवार को पंचायत प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल डीसी राजीव रंजन से मिला। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और श्रवण मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपकर बागबेड़ा कॉलोनी की पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कॉलोनी के 1140 क्वार्टरों में रहने वाले हजारों लोगों को नियमित पानी नहीं मिलने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
1.88 करोड़ खर्च के बाद भी नियमित जलापूर्ति नहीं
प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को बताया कि वर्ष 2025 में बिष्टुपुर में करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से नया फिल्टर पंप हाउस तैयार किया गया था। इसके बावजूद बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के लोगों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है। कई बार निर्धारित समय पर जलापूर्ति नहीं होने से लोगों को पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने नये फिल्टर पंप हाउस के निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच कराने की मांग की।
मोटर, पाइपलाइन और निर्माण गुणवत्ता की जांच की मांग
मांग पत्र में फिल्टर पंप हाउस के प्राक्कलन, कार्यादेश, भुगतान और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा कराने की मांग की गयी है। इसके अलावा मोटर, फुटबॉल्व और पाइपलाइन की स्थिति की भी जांच कराने को कहा गया है। प्रतिनिधिमंडल ने कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित संवेदक और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग रखी। पेयजल की गुणवत्ता को लेकर पानी के नमूने को प्रयोगशाला में भेजकर जांच कराने का भी आग्रह किया गया।
जर्जर पानी टंकी से हादसे का खतरा
प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को बताया कि बागबेड़ा स्थित पानी की टंकी भी काफी जर्जर स्थिति में है। टंकी की स्थिति को देखते हुए कभी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। मांग पत्र में टंकी और संप की नियमित सफाई, आवश्यक मरम्मत तथा प्रशिक्षित ऑपरेटरों की तैनाती की मांग की गयी। साथ ही ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने का आग्रह किया गया, ताकि पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की समय पर समीक्षा हो सके।
डीसी ने तत्काल सुधार का दिया निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसी राजीव रंजन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शिव कुमार दिनकर को नियमित जलापूर्ति बहाल करने और जर्जर पानी टंकी की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि पेयजल आपूर्ति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की जायेगी। जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के निर्देश के बाद उम्मीद जतायी कि बागबेड़ा कॉलोनी के 1140 क्वार्टरों में रहने वाले लोगों की पेयजल समस्या का जल्द समाधान होगा।
Social Plugin