उपायुक्त ने पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के दिए निर्देश, जमशेदपुर में जनगणना कार्य की तैयारी तेज

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में आगामी जनगणना कार्य को सफल, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलेभर में नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के बीच जनगणना किट का वितरण किया गया। इस क्रम में नगर निकाय क्षेत्र के एक पर्यवेक्षक तथा चार प्रगणकों को उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने स्वयं किट प्रदान कर कार्य की शुरुआत की। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना कार्य की महत्ता से अवगत कराया गया।

जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य : उपायुक्त
किट वितरण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास एवं भविष्य की योजनाओं का आधार है। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार को विभिन्न योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण तथा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही एवं तथ्यात्मक होना अत्यंत आवश्यक है।

समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्य करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना कार्य पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, त्रुटि या उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी। सभी कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत सटीक आंकड़े सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देना होगा।

घर-घर जाकर सही जानकारी संकलित करने पर जोर
प्रगणकों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचकर परिवारों की समुचित एवं सही जानकारी एकत्र करें। उपायुक्त ने कहा कि परिवार के सदस्यों से प्राप्त सूचनाओं को सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाए तथा किसी भी प्रकार की जानकारी अधूरी न छोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की वास्तविक स्थिति एवं आंकड़ों को सामने लाना है, इसलिए कार्य के दौरान संवेदनशीलता एवं सजगता आवश्यक है।

पर्यवेक्षकों को दी गई निगरानी की जिम्मेदारी
कार्यक्रम में पर्यवेक्षकों को जनगणना प्रक्रिया की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपायुक्त ने कहा कि पर्यवेक्षक यह सुनिश्चित करें कि सभी प्रगणक निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य कर रहे हैं तथा आंकड़ों के संकलन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने नियमित समीक्षा एवं फील्ड मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया।

विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण होंगे आंकड़े
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत संरचनाओं के निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि सभी कर्मी इस कार्य को गंभीरता, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ संपन्न करें, ताकि जिले एवं राज्य के विकास के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।