Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, लंबित परियोजनाओं तथा जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का निष्पादन तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों का होगा सत्यापन
बैठक में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की विशेष समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नॉन-डीबीटी खातों की जांच कर पात्र लाभुकों के खातों में राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। इसके साथ ही अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों का सत्यापन कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुक किसी भी स्थिति में योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने चाहिए।

जाहेरस्थान घेराबंदी एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
बैठक में जाहेरस्थान घेराबंदी कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लाभुक समिति गठन तथा भूमि प्रतिवेदन से संबंधित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान शहरी स्वास्थ्य केंद्रों की मरम्मती, सीएचसी गोलमुरी-सह-जुगसलाई में चल रहे कार्य, सदर अस्पताल में रैंप निर्माण, प्रतीक्षागृह में शेड लगाने, हाई मास्ट लाइट अधिष्ठापन तथा पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश संबंधित एजेंसियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

स्ट्रीट डॉग वैक्सीनेशन और विद्यालयों की मरम्मती पर चर्चा
उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में स्ट्रीट डॉग्स के वैक्सीनेशन अभियान को नियमित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों के 50 विद्यालयों में चल रहे वृहत मरम्मती कार्यों तथा 21 विद्यालयों में अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और कार्य समय पर पूरा करने को कहा। डुमरिया स्थित केजीबीवी में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने तथा छूटे हुए सभी स्कूली बच्चों का बैंक खाता खुलवाने के निर्देश भी दिए गए।

आधारभूत संरचना परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में जिले की आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। डिमना चौक में ईएचटी लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए मोनोपोल अधिष्ठापन, एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए अंडरग्राउंड केबल स्थानांतरण तथा अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने फ्लाईओवर एवं अंडरपास निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। इसके अलावा पुल-पुलिया निर्माण कार्यों के लिए वन विभाग से एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने तथा बोड़ाम प्रखंड कार्यालय एवं आवास मरम्मती कार्यों को समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।

गोदाम निर्माण एवं लंबित परियोजनाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने जिले में चल रहे गोदाम निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

जन शिकायतों के निष्पादन पर सख्त निर्देश
बैठक में सीपीजीआरएएमएस पोर्टल पर लंबित 38 आवेदनों की समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाए। उपायुक्त ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में डीएफओ सबा आलम अंसारी, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एमजीएम अधीक्षक बलराम झा, सिविल सर्जन साहिर पाल, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, डीटीओ, उप नगर आयुक्त, एसडीएम घाटशिला, सभी बीडीओ, सीओ तथा विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता समेत कई संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया गया।