Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से माइकल जॉन ऑडिटोरियम, बिष्टुपुर में जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के नव प्रतिनियुक्त बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने पर विशेष बल दिया। 


उपायुक्त ने बीएलओ की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करना, पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना तथा गलत प्रविष्टियों को सुधारना बी.एल.ओ. की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ समयसीमा के भीतर पूरा करें। उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है।

प्रपत्रों के निष्पादन की दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बी.एल.ओ. एवं पर्यवेक्षकों को निर्वाचन कार्य से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के सही निष्पादन की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता विवरण में संशोधन करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षणार्थियों को यह भी बताया गया कि किसी भी आवेदन के निष्पादन में पारदर्शिता एवं सटीकता बनाए रखना अत्यंत जरूरी है।

ECINET एवं BLO App के उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण
विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को तकनीकी रूप से अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षण में डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर भी जोर दिया गया। बी.एल.ओ. एवं पर्यवेक्षकों को ECINET तथा BLO App के संचालन की जानकारी दी गई। इसके अलावा Book a Call सुविधा एवं 1950 हेल्पलाइन के माध्यम से मतदाताओं को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से मतदाता सूची अद्यतन कार्य को अधिक तेज, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।

मतदाता सूची मैपिंग एवं अन्य तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा
प्रशिक्षण के दौरान SIR-2003 के साथ वर्तमान पंजीकृत मतदाताओं की मैपिंग, नोशनल मकान संख्या निर्धारण, मतदान केन्द्रों के नजरी नक्शा तैयार करने तथा Key MAP एवं Coordinate Points के निर्माण की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही ASDD सूची निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं को विस्तारपूर्वक समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन प्रक्रियाओं के माध्यम से मतदान केन्द्रों की पहचान, मतदाताओं की स्थिति एवं निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी अधिक व्यवस्थित रूप से संधारित की जा सकेगी।

मास्टर ट्रेनरों ने दी व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह सहित तीन मास्टर ट्रेनरों ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें विभिन्न परिस्थितियों में कार्य निष्पादन के तरीके बताए गए। अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल बनाने के लिए सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन एवं त्रुटिरहित बन सके।