प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने किया एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश

जमशेदपुर : कोल्हान प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त श्री रविरंजन कुमार विक्रम ने मंगलवार को डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने अस्पताल में ओपीडी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी ली तथा रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों की उपलब्धता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जाए।
इसके बाद प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमजीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अस्पताल से जुड़े लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान अस्पताल में तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की पाइपलाइन के माध्यम से चिकित्सा कक्षों तक निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलएमओ एवं पीएसए प्लांट को 31 मार्च तक क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। जरूरतमंद मरीजों के लिए एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश दिया कि अस्पताल में खराब पड़ी सभी एम्बुलेंस की मरम्मत कर उन्हें जल्द से जल्द उपयोग के योग्य बनाया जाए।
बैठक में अस्पताल के सभी आईसीयू को पूर्ण रूप से संचालित करने, वरिष्ठ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ओपीडी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही अस्पताल में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अप्रैल माह तक अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी और जनऔषधि केंद्र का संचालन शुरू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी बल दिया गया।
अस्पताल में पेयजल की समस्या के समाधान को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। प्रमंडलीय आयुक्त ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को समन्वय स्थापित कर 20 अप्रैल तक अस्पताल में पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा बायो मेडिकल वेस्ट के नियमानुसार निष्पादन, पैथोलॉजिकल जांच की व्यवस्था में सुधार तथा अनटाइड फंड के उपयोग की भी समीक्षा की गई।
प्रमंडलीय आयुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार करते हुए मरीजों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा, अस्पताल अधीक्षक डॉ. जुझार माझी सहित अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments