जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान नागरिकों ने स्वास्थ्य संबंधी इलाज, जमीन विवाद, स्कूलों में बच्चों के नामांकन, मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने, जमीन पर अवैध कब्जा हटाने, पारिवारिक विवाद, आर्म्स लाइसेंस से जुड़ी समस्याएं, ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों से संबंधित मुद्दे तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर आवेदन सौंपे। कई लोगों ने अपने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।
अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा ने सभी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को समाधान के लिए अग्रसारित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान करना है।
इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे संबंधित लोगों को तुरंत राहत मिली। वहीं जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। एसडीओ ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायत निवारण दिवस पर प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
जिला प्रशासन के अनुसार, उपायुक्त द्वारा समय-समय पर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान जन शिकायतों से संबंधित आवेदनों की भी नियमित समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हो सके तथा प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास मजबूत बना रहे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर जन शिकायत निवारण दिवस में शामिल हों और सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखें, ताकि समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान किया जा सके।
0 Comments