जमशेदपुर : शास्त्रीनगर, कदमा स्थित शहीद निर्मल सेवा सदन द्वारा आयोजित 35वें स्थापना वर्षगांठ एवं भगत सिंह शहादत दिवस पर आधारित दो दिवसीय कार्यक्रम का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। कार्यक्रम में जनस्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन में शहर के कई गणमान्य लोग, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में जुटे गणमान्य अतिथि

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल ने किया। इस अवसर पर कदमा थाना के ऑफिसर इंचार्ज दिलीप कुमार यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अन्य अतिथियों में सहायक आरक्षी निरीक्षक भोला नाथ हेंब्रम, हरिबालक प्रसाद, ब्रेरना कांडुलना, राज कुमार दास, योगाचार्य एवं वार्डन प्रणब नाहा, शांति समिति के मिराज खान, प्रो. असलम मलिक, मु. साउद खान तथा हसन अख्तर इमाम सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

जनस्वास्थ्य जागरूकता पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए सामाजिक संस्थाओं की भूमिका अहम है। अतिथियों ने शहीद निर्मल सेवा सदन द्वारा चलाए जा रहे जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भागीदारी

कार्यक्रम के अंतर्गत जन स्वास्थ्य जागरण शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें मदर टेरेसा एडवांस हेल्थ क्लीनिक के डॉ. विजय कुमार, जिला सर्विलांस कार्यालय से आए एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. मु. अरशद, जिला HIV/एड्स विभाग के चिकित्सा प्रभारी डॉ. राम चंद्र सिंह, डॉ. अनिंदिता (एएमओ), पब्लिक हेल्थ मैनेजर सरिता कुमारी सहित कई स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे। इसके अलावा कुंदन कुमार (NTCP), दीपक कुमार, सुशील तिवारी, प्रियंका साव (लैब तकनीशियन), कावेरी (ANM), गोविंग बेरा, शांति पांडा तथा सहिया बेबी देवी समेत स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मियों ने शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई।

समाज के विभिन्न वर्गों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। रजक समाज महिला समिति की नेत्री मीरा देवी, सुलोचना देवी, धानु देवी, अनिमा बोस, श्वेता रानी, गायत्री देवी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। वहीं संजय कुमार दास, राजेश भगत, संजय केशरी, सुमित कुमार, शाहनवाज खान एवं अवधेश कुमार जैसे गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के महासचिव गौतम कुमार बोस ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हसन अख्तर इमाम द्वारा किया गया।