दुबई में एशियन ओपन प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और खेल संसाधन उपलब्ध कराने की मांग
JAMSHEDPUR NEWS : अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश, झारखंड और पूर्वी सिंहभूम जिले का नाम रोशन करने वाले दो उभरते खिलाड़ियों से शुक्रवार को उपायुक्त राजीव रंजन ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उपायुक्त ने कहा कि कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। यह उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
परिमल महतो ने पांच पदक जीतकर रचा इतिहास
पटमदा प्रखंड के कुमीर गांव निवासी 13 वर्षीय परिमल महतो ने दुबई में आयोजित एशियन ओपन बायथल, ट्रायथल एवं लेजर रन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक समेत कुल पांच पदक अपने नाम किए। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पांच पदक जीतना उनकी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
परिमल के पिता रामपद महतो सरकारी शिक्षक हैं और वर्तमान में पटमदा में पदस्थापित हैं। उनकी मां सरस्वती महतो बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज गुजराती स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के सहयोग और प्रोत्साहन से परिमल खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
दिपांशु ने तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता
जमशेदपुर निवासी दिपांशु सिंह ने भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-21 टीम इवेंट में बेहतर खेल का परिचय देते हुए तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। इस तरह दिपांशु ने कुल चार पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। उनके प्रदर्शन की भी उपायुक्त ने सराहना की।
दिपांशु के पिता टाटा स्टील में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां बायथल, ट्रायथल एवं लेजर रन की जिला सचिव के पद पर जिम्मेदारी निभा रही हैं। खेल से जुड़े माहौल और परिवार के प्रोत्साहन ने दिपांशु को आगे बढ़ने में सहयोग दिया है।
बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग
उपायुक्त से मुलाकात के दौरान दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए शिक्षक पंचानन महतो और समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से पटमदा सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। परिमल और दिपांशु की उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य बच्चों और उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
Social Plugin