JAMSHEDPUR NEWS : आदिवासी संताल समाज के लोक आस्था का पांच दिवसीय महापर्व सोहराय का रविवार को पारंपरिक ‘उम-नड़का’ अनुष्ठान के साथ शुरू होगा. गांव के माझी बाबा व नायके बाबा की अगुवाई में शाम में इष्ट देवी-देवताओं को आह्वान कर सोहराय पर्व की जानकारी दी जायेगी. साथ ही उनसे समस्त ग्रामवासियों पर अपना आशीष बनाये रखने की प्रार्थना की जायेगी. इस तरह सोमवार को गांव के बाहर स्थित गोट टांडी में पारंपरिक पुजारी नायके के द्वारा समस्त ग्रामीणों की उपस्थिति में पूजा अर्चना की जायेगा. पूजा अर्चना के बाद सूर्यास्त होने से पूर्व बिली लेबेद(अंडा फोड़ना) परंपरा निर्वाह किया जायेगा. मवेशियों को पूजा में रखा गया अंडे के ऊपर ले जाया जाता है. इस दौरान जिस मवेशी के पैर से अंडे फूटते हैं उसे धान की बाली से तैयार फूलों से स्वागत किया जाता है. उसके सिंगो पर तेल व माथे पर सिंदूर लगाया जाता है. इस तरह तीसरे दिन दाकाय माहा, चौथे दिन खूंटव माहा व पांचवें दिन जाजले माहा मनाया जायेगा.
देश परगना ने एकसाथ पर्व मनाने का किया था आह्वान
आदिवासी स्वशासन व्यवस्था-माझी परगना महाल के धाड़ दिशोम देश परगना बैजू मुर्मू ने पूर्वी सिंहभूम के तमाम संताल समाज के लोगों से हर गांव में एक ही तिथि पर पारंपरिक नियमों के साथ पर्व मनाने का अपील किया था. देश परगना के निर्देशानुसार इसबार अधिकांश जगहों ने 8 दिसंबर को उमड़ा नड़का अनुष्ठान के साथ सोहराय पर्व का आगाज किया जा रहा है.
समाज की मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी: बैजू मुर्मू
धाड़ दिशोम देश परगना बैजू मुर्मू ने कहा कि आदिवासी संताल समाज की एकता व अखंडता को बनाये रखने के लिए एकजुटता जरूरी है. सामाजिक, सांस्कृतिक व राजनैतिक हर तरह से मजबूत के लिए एकजुटता ही मूल मंत्र है. समाज के हर व्यक्ति को समाज के उत्थान के बारे में सोचना चाहिए. उन्होंने कहा कि आदिवासी संताल समाज के स्वशासन व्यवस्था के प्रमुख माझी बाबा, नायके बाबा, पारानिक बाबा, गोडेत बाबा, जोग माझी बाबा आदि समाज के प्रति अपनी जवाबदेही को समझे. गांव में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने में अपनी योगदान दें.
Social Plugin