जमशेदपुर व आसपास के इलाकों में 9 नवंबर से तीन दिनाें तक मौसम में बदलाव व बारिश के संकेत

JAMSHEDPUR NEWS : जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दीपावली के दूसरे दिन यानी 9 नवंबर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. शहर में 9 नवंबर से अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है.शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. फिलहाल दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम गुलाबी ठंड का मिला-जुला असर बना हुआ है. आने वाले दिनों में तापमान गिरने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

तीन दिनों तक रहेगा बादलों और गर्जन का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रह सकता है. इसके बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छा जाएंगे और गर्जन के साथ बारिश होने के आसार हैं. मौसम का यह रुख 10 और 11 नवंबर को भी लगातार बना रहेगा. ऐसे में इन तीन दिनों के दौरान घर से बाहर निकलने वाले लोगों को मौसम के इस बदले मिजाज को ध्यान में रखकर ही तैयारी करनी चाहिए.

12 नवंबर से साफ होगा आसमान और बढ़ेगी ठंड
लगातार तीन दिनों तक बारिश और बादलों के बाद, 12 नवंबर से आसमान पूरी तरह साफ होने की संभावना है. हालांकि, मौसम साफ होते ही न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है. तापमान के गिरने से सुबह और रात के समय ठंड का असर काफी बढ़ जाएगा, जिससे लोगों को सर्दियों के असली अहसास का सामना करना पड़ेगा.