संत बरनाबास चर्च शंकरपुर में मंगल कालिंदी ने कहा-बच्चों को अच्छी शिक्षा देना हमारा नैतिक दायित्व

Jamshedpur News : परसुडीह शंकरपुर स्थित संत बरनाबास चर्च में टाटानगर पेरिस संडे स्कूल समिति की ओर से 'विश्व प्रभुवार पाठशाला दिवस 2026' का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस धरती पर बच्चों को बेहतर शिक्षा और ज्ञान प्रदान करना हमारा मुख्य दायित्व है, और इस कर्तव्य को निभाने में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने उत्तर भारत की कलीसिया द्वारा संडे स्कूल के माध्यम से बच्चों को दी जा रही सामाजिक और नैतिक सीख की जमकर सराहना की।

विशेष आराधना और पादरियों की अगुवाई में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष आराधना के साथ हुई, जिसकी अगुवाई पेरिस इंचार्ज रेव. फ्रांसिस कच्छप और रेव. गुंडुवा ने संयुक्त रूप से की। इससे पहले, मुख्य अतिथि मंगल कालिंदी का टाटानगर संडे स्कूल समिति की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पेरिस इंचार्ज रेव. फ्रांसिस कच्छप ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की अध्यक्षता संडे स्कूल के अधीक्षक जयपाल देवगम ने की।

बच्चों और युवाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी लिया 
इस भव्य आयोजन में कीताडीह, सीनी, राहरगोड़ा और मेजबान शंकरपुर संडे स्कूल के बच्चों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष गीत, भजन, एकांकी, बाइबल पाठ और कई आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सिर्फ बच्चों ही नहीं, बल्कि महिला समिति और युवाओं के लिए भी विशेष गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।

विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया 
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस सफल आयोजन में पेरिस सचिव बोअस गुड़िया, कोषाध्यक्ष जेफ्री एडु दादेल, प्रीतम सोले, अजय कंडूलना, विनय पूर्ति, आशीष सोले, अश्विन देवगम, ओबेद बारला, ग्लोरिया गुड़िया, नूतन कच्छप, डेविड टोपनो और प्रियंका कच्छप सहित सैकड़ों गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे।