आदिवासी सेंगेल अभियान की बैठक, सोना राम सोरेन का JMM और आसेका सम्मेलन पर बड़ा हमला

मतलाडीह जुमिद थान में सेंगेल अभियान की अहम बैठक संपन्न
JAMSHEDPUR NEWS: मतलाडीह जुमिद थान परिसर में आदिवासी सेंगेल अभियान (ASA) की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सेंगेल दिशोम परगना श्री सोना राम सोरेन ने की। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई प्रमुख आदिवासी नेताओं, समाजशास्त्रियों और सेंगेल पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज के समक्ष आ रही वर्तमान चुनौतियों, भाषाई अधिकारों और हालिया राजनीतिक-सामाजिक घटनाक्रमों की समीक्षा कर आगे की रणनीति तैयार करना था।

आसेका के दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन पर उठाये सवाल
बैठक के दौरान विगत 11-12 अक्टूबर 2026 को घाटशिला माझी परगाना महाल बाखुल में 'झारखंड एसेका' (ASECA) द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन पर विस्तार से चर्चा हुई। सेंगेल पदाधिकारियों ने इस सम्मेलन के परिणामों पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। बैठक को संबोधित करते हुए सोना राम सोरेन ने कहा कि झारखंड एसेका द्वारा आयोजित यह सम्मेलन पूरी तरह से सत्ताधारी दल JMM (झारखंड मुक्ति मोर्चा) द्वारा प्रायोजित था और इसका मुख्य उद्देश्य आम आदिवासी जनता को दिग्भ्रमित करना था।

हासा-भाषा और रोजगार के मुद्दों पर ठोस निर्णय न होने से नाराजगी
सोना राम सोरेन ने सम्मेलन की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि दो दिनों तक चले इस लंबे मंथन के बावजूद आदिवासियों की जल, जंगल, जमीन (हासा), भाषा, जाति, सरना धर्म, इज्जत, आबादी और रोजगार जैसे अति-संवेदनशील मुद्दों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा सका। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के अस्तित्व और उनके भविष्य से जुड़े इन मौलिक सवालों पर कोई स्पष्ट रोडमैप तैयार न कर पाना पूरी तरह से "ढाक के तीन पात" के समान है और इससे समाज को भारी निराशा हाथ लगी है।

JMM की नीति पर तीखा कटाक्ष किया 
सम्मेलन के मुख्य अतिथि और घाटशिला के विधायक  सोमेश चंद्र सोरेन पर निशाना साधते हुए सोना राम सोरेन ने कहा कि आसेका द्वारा पारित प्रस्ताव अंततः विधानसभा के डस्टबिन की शोभा ही बढ़ाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जब संविधान के अनुच्छेद 345 के तहत संथाली भाषा को (जो राज्य की प्रथम राजभाषा बनने की सभी योग्यताएं पूरी करती है) हक दिलाने का अवसर था, तब उसकी आवाज उठाने के बजाय बांग्ला भाषा अकादमी की वकालत की गई। यह संथाली भाषा का अपमान है। यदि संथाली प्रथम राजभाषा बनती, तो युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलते, लेकिन JMM के आदिवासी विधायक पार्टी की चाटुकारिता में ही व्यस्त हैं।

सेंगेल अभियान को और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया
इस महत्वपूर्ण बैठक में सेंगेल माझी परगना माडवा के केन्द्रीय अध्यक्ष श्री कविराज मुर्मू, केन्द्रीय सेंगेल संयोजक श्री बीमो मुर्मू, सरना धर्म माडवा के केन्द्रीय महासचिव डॉ. सोमाय सोरेन, झारखंड पोनोत सेंगेल परगना जूनियर मुर्मू, कोल्हान प्रमंडल सेंगेल परगना श्री कुनूराम बास्के और भागराती मुर्मू सहित कई वरिष्ठ सेंगेल पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने एक स्वर में आदिवासी समाज के अधिकारों, संथाली भाषा के सम्मान और रोजगार के अवसरों की रक्षा के लिए सेंगेल अभियान को और अधिक मजबूत करने का संकल्प दोहराया।