पूर्वी सिंहभूम में पर्यटन स्थलों का होगा कायाकल्प, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी

JAMSHEDPUR NEWS : जिले के पर्यटन स्थलों के सौंदर्यकरण, बेहतर प्रबंधन और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार सहित सांसद एवं अन्य विधायकों के प्रतिनिधि, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा और पर्यटन पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय भागीदारी बढ़ाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए।

तेंतुलडुंगरी और बुरूडीह डैम का होगा सौंदर्यकरण
बैठक के दौरान तेंतुलडुंगरी पर्यटन स्थल के श्रेणी-डी के तहत सौंदर्यकरण कार्य को हरी झंडी दी गई। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब इसका काम जल्द शुरू होगा। इसके अलावा, बुरूडीह डैम के कायाकल्प, जलाशय में नौका परिचालन (बोटिंग) और पर्यटकों के ठहरने के लिए होटल निर्माण पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके लिए एक नया विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया है।

हेरिटेज विलेज और स्थानीय पर्यटन स्थलों का होगा विकास
घाटशिला प्रखंड के धर्मबहाल क्लस्टर और चेंगजोड़ा हेरिटेज विलेज में आवश्यक सामग्रियों के क्रय हेतु प्रस्तुत सूची को परिषद ने मंजूरी दी। इसके अलावा मुसाबनी स्थित कंपनी बड़ा तालाब और घाटशिला के ऐतिहासिक पांच पाण्डव शिला में पर्यटकों की सुविधा के लिए गज़ीबो (छतरीदार शेड), शौचालय और बैठने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। प्रसिद्ध फुलडुंगरी पर्यटन स्थल के विकास प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

छोटाबांकी डैम तक पहुंचेगा चौड़ा रास्ता, बनेंगी ठहरने की व्यवस्थाएं
जिले के खूबसूरत छोटाबांकी डैम को प्रमुख पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में डैम तक पहुंचने वाले मार्ग के चौड़ीकरण और पर्यटकों के रुकने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे आने वाले समय में सैलानियों की आवाजाही अधिक सुगम और आरामदायक हो सकेगी।
 
स्थानीय ग्रामीण बनेंगे 'पर्यटन मित्र', साफ-सफाई पर रहेगा विशेष जोर
पर्यटन स्थलों के बेहतर प्रबंधन, नियमित रख-रखाव और स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता तय की गई है। इसके तहत ग्रामीणों को 'पर्यटन मित्र' के रूप में चिह्नित किया जाएगा और विशेष समितियों का गठन होगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों को रोजगार व जिम्मेदारी देने के साथ-साथ पर्यटकों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर माहौल प्रदान करना है।

एडवेंचर कैंप और फूड फेस्टिवल से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
जिले की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना बनाई गई है। इसके लिए एडवेंचर कैंप, कल्चरल फूड फेस्टिवल और पर्यटन दिवस पर विशेष कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया गया। युवाओं को जोड़ने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पेंटिंग, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।