ITDA एवं कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए छात्रवृत्ति और आवास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

JAMSHEDPUR NEWS : पूर्वी सिंहभूम के डीसी ऑफिस सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में आईटीडीए (ITDA) तथा कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदायों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) तक सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ पहुँचाना रहा।


छात्रवृत्ति भुगतान और NPCI मैपिंग पर विशेष ध्यान

बैठक में पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के पात्र विद्यार्थियों को समय पर राशि हस्तांतरित करने हेतु बैंक खातों की NPCI मैपिंग और आधार सीडिंग को अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि छात्रवृत्ति भुगतान में आ रही सभी तकनीकी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई में कोई रुकावट न आए।


लंबित बिरसा एवं प्रधानमंत्री जनमन आवासों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

जिले में लंबित 23 बिरसा आवास तथा 74 प्रधानमंत्री जनमन आवास के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लाभुकों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित करें और उन्हें निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित करें। समस्याओं का समाधान कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आदि सेवा केंद्रों के जरिए 'सेवा संकल्प अभियान' का संचालन

जिले के 11 प्रखंडों के 559 गांवों में स्थापित आदि सेवा केंद्रों के माध्यम से जनजातीय आबादी को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। 17 अक्टूबर से 17 नवंबर तक चलाए जाने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, पेयजल, बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। इस दौरान विशेष शिविर लगाकर लंबित आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया जाएगा।


 01 से 15 नवंबर तक प्रखंडों में लगेंगे आधार सैचुरेशन कैंप

रिफॉर्म उत्सव (जनजातीय पखवाड़ा) के अंतर्गत 01 नवंबर से 15 नवंबर तक सभी प्रखंडों में विशेष आधार सैचुरेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा अन्य योजनाओं के लाभुकों का नया आधार नामांकन करना और शत-प्रतिशत बैंक खातों की आधार सीडिंग सुनिश्चित करना है, जिससे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रक्रिया सुगम हो सके।


 विभागीय समन्वय और नियमित निगरानी पर बल

उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण स्तर पर जागरूकता बढ़ाने, दस्तावेजी समस्याओं को दूर करने और विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, निदेशक NEP राजेश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शत्रुंजय कुमार, डीपीएम JSLPS सुजीत बारी, डॉ. रंजीत पांडा तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।