मां रूपी सोरेन के नाम पर हो 'मंईयां सम्मान योजना, झामुमो ने रखी कैबिनेट में प्रस्ताव लाने की मांग

साकची झामुमो कार्यालय में गुरु मां रूपी सोरेन को दी गई श्रद्धांजलि
JAMSHEDPUR NEWS: साकची स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्यालय में एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरु मां स्वर्गीय रूपी सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नम आंखों से याद किया। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में गहरा शोक देखा गया। वक्ताओं ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन पार्टी और पूरे झारखंड समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन है।

फूलो-झानो और सावित्रीबाई फुले जैसी थीं मां रूपी सोरेन का त्याग व संघर्ष

जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए गुरु मां रूपी सोरेन के महान योगदान को याद किया। उन्होंने उनके त्याग, संघर्ष और समर्पण की तुलना झारखंड की वीर वीरांगनाओं फूलो-झानो और समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले से की। विक्टर सोरेन ने कहा कि जिस प्रकार इन महान महिलाओं ने समाज और अधिकारों के लिए कड़ा संघर्ष किया, ठीक उसी प्रकार रूपी सोरेन ने भी अपना जीवन सादगी, संघर्ष और समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्त्रोत बना रहेगा।


'मंईयां सम्मान योजना' का नाम रूपी सोरेन के नाम पर करने की उठी मांग

कार्यक्रम के दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव सामने रखा। उन्होंने झारखंड सरकार से यह मांग की कि लोकप्रिय 'मंईयां सम्मान योजना' का नाम बदलकर गुरु मां रूपी सोरेन के नाम पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार को जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाना चाहिए ताकि उनके संघर्षों और समाज के प्रति दिए गए योगदान को एक ऐतिहासिक पहचान मिल सके। इस मांग का वहां मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन किया।


विधायक मंगल कालिंदी ने झारखंड आंदोलन में उनके साहस और समर्पण को किया याद

कार्यक्रम में उपस्थित विधायक मंगल कालिंदी ने झारखंड आंदोलन के दिनों को याद करते हुए गुरु मां रूपी सोरेन के साहस और परिवार के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य के आंदोलन के दौरान उन्होंने हर कदम पर डटकर मुकाबला किया और विकट परिस्थितियों में भी अपना धैर्य नहीं खोया। समाज उनके इस बड़े त्याग को कभी नहीं भूल पाएगा। इस अवसर पर हिदायतुल्लाह खान, मोहन कर्मकार, आस्तिक महतो, लक्ष्मण टुडू, कुणाल षाड़ंगी, प्रमोद लाल, वीरसिंह सुरीन सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।