जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक, ब्लैक स्पॉट पर निगरानी और ट्रैफिक नियमों के पालन का निर्देश

Jamshedpur News : धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर बैठक हुई। बैठक में जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गयी। एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर रहेगी नजर

बैठक में शहर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की समीक्षा की गयी। ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (Accident Prone Zones) को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। आवश्यकता के अनुसार इन स्थानों पर यातायात संकेतक, रोड मार्किंग, स्पीड लिमिट साइनेज और अन्य सड़क सुरक्षा सुविधाओं को दुरुस्त करने की बात कही गयी। अधिकारियों को ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर कमियों की पहचान करने और उनके समयबद्ध समाधान की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया।

ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर कार्रवाई

एसडीओ ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने और अनधिकृत पार्किंग जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराने के साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की जरूरत भी बतायी गयी।

प्रमुख मार्गों और जंक्शन पर ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा

बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों और जंक्शनों पर यातायात के दबाव की समीक्षा की गयी। पीक आवर के दौरान ट्रैफिक फ्लो, पार्किंग व्यवस्था, सड़क किनारे अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही से उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यकतानुसार संयुक्त निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सड़क पर अनधिकृत पार्किंग और यातायात में बाधा बनने वाले अन्य कारणों पर कार्रवाई करने की बात कही गयी।

इंजीनियरिंग से लेकर इमरजेंसी रिस्पॉन्स तक समन्वित कार्रवाई

एसडीओ अर्नव मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल यातायात नियमों का पालन कराना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, एजुकेशन और इमरजेंसी रिस्पॉन्स के समन्वित दृष्टिकोण से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चिन्हित कमियों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई), जुस्को, ट्रांसपोर्ट एवं ऑटो एसोसिएशन के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।