Chandil News : चांडिल प्रखंड क्षेत्र के चिलगु भुईयांडीह स्थित झामुमो कार्यालय में मंगलवार को झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी। श्रद्धांजलि सभा में ईचागढ़ की विधायक सविता महतो समेत झामुमो के केंद्रीय, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर की गयी। इस दौरान उपस्थित झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। उनके निधन से संगठन ने एक अनुभवी एवं संघर्षशील नेता खो दिया है। उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य देने की प्रार्थना की।
सविता महतो ने कहा- पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति
ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका संघर्ष, समर्पण और योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू पार्टी के प्रखर योद्धा और वरिष्ठ नेता के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष और जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मामा एवं झामुमो केंद्रीय सदस्य चारू चांद किस्कू, केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान दिलीप महतो, अरुण टुडू, धर्मु गोप, कृष्णा किशोर महतो, दिलीप किस्कू, नितेश वर्मा, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, शंकर लायेक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। सभी ने उनके निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का व्यक्तित्व, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा की भावना लंबे समय तक कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहेगी।
Social Plugin