Jamshedpur News: प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने और जर्जर सड़कों के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानी दूर करने की मांग को लेकर समाजसेवियों के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन को ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में समाजसेवी विश्वनाथ महतो, गोपाल गोराई, उत्तम कुमार एवं अंकुर महतो शामिल थे. ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, मरम्मतीकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की गई. महुलबना पंचायत के धातकीडीह से पंचायत मुख्यालय, संताल टोला होते हुए केंदडीह की अंतिम सीमा तक करीब चार किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। खासकर बारिश के दौरान ग्रामीणों को होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
बेलडीह-कांकिडीह मार्ग के जीर्णोद्धार की मांग
ज्ञापन में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलडीह से कांकिडीह-महुलतोल तक करीब 3.5 किलोमीटर जर्जर सड़क का तत्काल मरम्मतीकरण और सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की गई है। यह सड़क कुमिर, ओड़िया और बनकुंचिया पंचायत के हजारों ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क का स्थल निरीक्षण कराकर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
गोपालपुर से गैंगाड़ा तक सड़क की हालत खराब
काश्मार पंचायत के गोपालपुर मौजा से गोलकाटा होते हुए बालियागोड़ा से गैंगाड़ा तक करीब 2.5 किलोमीटर जर्जर सड़क की भी अविलंब मरम्मत कराने की मांग की गई। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क खराब होने के कारण बरसात में आवागमन प्रभावित होता है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति का असर मरीजों, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक मजदूरी के लिए आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी काफी परेशानी होती है।
स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने की भी मांग
ज्ञापन में पटमदा के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। समाजसेवियों ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित विभागों से सभी चिन्हित सड़कों का स्थल निरीक्षण और तकनीकी जांच कराकर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण एवं मरम्मतीकरण कराने का आग्रह किया।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि पटमदा की मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उपायुक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देंगे। इससे सड़क और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सकेगा और क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा।
Social Plugin