मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने घाटशिला-बहरागोड़ा के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

Jamshedpur News: झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला और बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे मतदाता सत्यापन, घर-घर संपर्क, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के कार्यों की जानकारी ली। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए और किसी भी विदेशी या अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। इसके लिए बीएलओ को पूरी गंभीरता और निष्पक्षता से घर-घर जाकर सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।

2003 की मतदाता सूची से हो रही मैपिंग

के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान तैयार किए जाने वाले दस्तावेज भविष्य में महत्वपूर्ण अभिलेख के रूप में उपयोगी होंगे। वर्तमान प्रक्रिया में वर्ष 2003 के विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं और उनके बच्चों की वर्तमान मतदाता सूची से मैपिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूर्व के एसआईआर से संबंधित दस्तावेजों को महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में माना गया है। इसी तरह वर्तमान विशेष गहन पुनरीक्षण के अभिलेख भविष्य में संबंधित मतदाताओं और उनकी संतानों के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जांच करें।

‘होम-टू-रोल’ को प्रभावी बनाने का निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 45-घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 72, 73, 86 और 90 तथा 44-बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 270 और 152 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से क्षेत्र में चल रहे घर-घर सर्वेक्षण की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि ‘होम-टू-रोल’ को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए। बीएलओ प्रत्येक घर तक पहुंचकर परिवार के सभी सदस्यों की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी का सत्यापन करें। पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने, स्थानांतरित करने अथवा विवरण में सुधार की प्रक्रिया के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मतदाताओं से प्राप्त आवेदन और दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच की जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाए। बिना निर्धारित प्रक्रिया और सक्षम प्राधिकारी के आदेश के किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए।

‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ पर विशेष जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज होने चाहिए। यदि परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों या अलग-अलग भागों में दर्ज हैं, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 भरकर आवश्यक सुधार कराया जाए।

उन्होंने कहा कि इससे परिवार के सभी मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र पर मतदान करने में सुविधा होगी। बीएलओ को ऐसे मामलों की पहचान कर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी देने का निर्देश दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई झारखंड का पात्र नागरिक वर्तमान में किसी दूसरे राज्य की मतदाता सूची में पंजीकृत है और अब सामान्य रूप से झारखंड में निवास कर रहा है, तो वह फॉर्म-8 के माध्यम से अपना नाम संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

युवाओं के शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण पर जोर

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और निर्धारित अर्हता तिथि के अनुसार पात्र होने वाले नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय क्षेत्रों और युवाओं की अधिक संख्या वाले स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया। उन्होंने कहा कि युवा लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मतदाता के रूप में पंजीकरण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी क्रम में घाटशिला के किताडीह स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय में आयोजित चौथे इंडक्शन-सह-ओरिएंटेशन कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नव नामांकित विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने साथियों और आसपास के अन्य पात्र युवाओं को भी मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने की अपील की।

बीएलओ निर्वाचन तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी

निरीक्षण के दौरान के. रवि कुमार ने मतदान केंद्रों की मतदाता सूची, क्षेत्रीय सत्यापन की स्थिति और बीएलओ द्वारा संधारित फॉर्म का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ से घर-घर सर्वेक्षण के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली और मतदाताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीएलओ भारत निर्वाचन आयोग और आम मतदाताओं के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके सक्रिय, निष्पक्ष और संवेदनशील प्रयासों से ही मतदाता सूची को अधिक समावेशी, शुद्ध और विश्वसनीय बनाया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे घर-घर संपर्क और सत्यापन कार्य की सराहना करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचें। नाम नहीं होने, निवास स्थान बदलने या किसी विवरण में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय पर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन तंत्र की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हर पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और किसी भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए तथ्यपरक, निष्पक्ष और पारदर्शी सत्यापन जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, 45-घाटशिला एवं 44-बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एईआरओ सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।