धार्मिक व्यवस्था और आदिवासी संथाल समाज की पहचान को मजबूत करने के लिए 6 सितंबर को धर्म सम्मेलन

6 सितंबर को कोरोनडीह में होगा एक दिवसीय धर्म सम्मेलन

Jamshedpur News: जमशेदपुर के कोरोनडीह स्थित दिसोम जाहेर थान में 6 सितंबर 2026 को माझी पारगना माहाल पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था, कोल्हान प्रमंडल के तत्वावधान में एक दिवसीय धर्म सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर मंगलवार, 11 अगस्त को दिसोम जाहेर थान कोरोनडीह में धाड़, कुचूं, सिंञ, बारहा और पातकोम दिसोम के देश पारगना बाबा, तोरोप/पीड़ पारगना बाबा, माझी बाबा और पारानिक बाबाओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता धाड़ दिसोम के देश पारगना बाबा बैजू मुर्मू ने की। बैठक में आदिवासी संथाल समाज की धार्मिक व्यवस्था, पूजा-पद्धति, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने सहित सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से 6 सितंबर को धर्म सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

51 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन

धर्म सम्मेलन को सफल बनाने के लिए 51 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति में पांच देश पारगना बाबा, 20 तोरोप/पीड़ पारगना बाबा, पांच देश पारानिक बाबा तथा 21 माझी एवं नायके बाबा को शामिल किया गया है। बैठक में मौजूद पारगना बाबाओं ने सम्मेलन के उद्देश्य और समाज की वर्तमान परिस्थितियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आदिवासी संथाल समाज की धार्मिक व्यवस्था और पूजा-पद्धति पूर्वजों द्वारा आस्था, प्रकृति और सामाजिक मूल्यों को केंद्र में रखकर विकसित की गई है। इसके बावजूद वर्तमान समय में धार्मिक व्यवस्था का प्रचार-प्रसार अपेक्षाकृत कम होने से नई पीढ़ी अपनी पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और पूजा-पद्धति से दूर होती जा रही है। धर्म सम्मेलन के माध्यम से समाज के लोगों को अपनी धार्मिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

युवा पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और परंपरा से जोड़ने पर जोर

बैठक में कहा गया कि आदिवासी संथाल समाज की अपनी विशिष्ट धार्मिक व्यवस्था, संस्कृति और पूजा-पद्धति है, जो अन्य समुदायों से अलग पहचान रखती है। धार्मिक आयोजनों में युवा पीढ़ी की भागीदारी लगातार कम होना चिंता का विषय है। ऐसे में सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को अपनी परंपरा और धार्मिक व्यवस्था की जानकारी देने तथा उन्हें इससे जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। पारगना बाबाओं ने कहा कि समाज की पहचान केवल भाषा और सांस्कृतिक परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी धार्मिक व्यवस्था भी उसकी अस्मिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। सम्मेलन में धार्मिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।

मारांग बुरु, लुगू बुरु समेत धार्मिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प

धर्म सम्मेलन में आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक और आस्था के केंद्रों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने की बात कही गई है। बैठक में मारांग बुरु, लुगू बुरु, आजोदिया बुरु, जांड़ बाहा, तुपुनाई घाट और राजरप्पा सहित महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखने और उनकी धार्मिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पारगना बाबाओं ने कहा कि ये स्थल आदिवासी समाज की आस्था और धार्मिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इनकी पहचान और महत्ता को संरक्षित रखना आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है। सम्मेलन के जरिए धार्मिक धरोहरों के संरक्षण, पूजा-पद्धति के प्रचार-प्रसार और समाज में धार्मिक चेतना बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास की दिशा तय की जाएगी।

कई राज्यों से शामिल होंगे संथाल समाज के प्रतिनिधि

6 सितंबर को होने वाले धर्म सम्मेलन में कोल्हान प्रमंडल के अलावा संथाल परगना, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो से समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी प्रतिनिधि सम्मेलन में पहुंचेंगे। बैठक में बारहा दिसोम के देश पारगना बाबा कमलाकांत मुर्मू, पीड़ पारगना बाबा सुंदर मोहन हेंब्रम, लखन मार्डी, देश पारानिक बाबा दुर्गा चरण मुर्मू, नवीन मुर्मू, जितूलाल मुर्मू, बिंदे सोरेन, सुरेंद्र टुडू, माझी बाबा सुशील मुर्मू, लखन सोरेन, बिपिन चंद्र मुर्मू, सोनाराम किस्कू, वीर सिंह बास्के, पंचानन टुडू, सुनील सोरेन, मदन बास्के, जगदीश बास्के, गणेश मुर्मू, सोमेश्वर मुर्मू, सुखदेव हेंब्रम और दिवाकर टुडू सहित अन्य लोग उपस्थित थे। आयोजन समिति अब सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटेगी। आयोजकों का कहना है कि धर्म सम्मेलन के माध्यम से आदिवासी संथाल समाज की धार्मिक व्यवस्था, संस्कृति और पारंपरिक पहचान को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।